सिधवलिया के बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने का रास्ता साफ
सिधवलिया प्रखंड के बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने का रास्ता साफ हो गया है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने के लिए क्लियरेंस दे दिया है।
गोपालगंज । सिधवलिया प्रखंड के बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने का रास्ता साफ हो गया है। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने के लिए क्लियरेंस दे दिया है। इस प्लांट में चार मेगावाट बिजली का उत्पाद भी किया जाएगा। क्लियरेंस के बाद मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड यूनिट भारत शुगर मिल्स सिधवलिया के प्रबंधन ने इथेनाल प्लांट लगाने के लिए कवायद शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि भारत शुगन मिल्स सिधवलिया के प्रबंधन ने बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। प्रस्ताव भेजने के बाद पिछले साल जून में बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी अनिल कुमार तथा अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा ने बुचेया में ग्रामीणों के साथ बैठक किया। इस बैठक में ग्रामीणों ने यहां इथेनाल प्लांट लगाने की स्वीकृति दे दी। अब बचुेया में इथेनाल प्लांट लगाने का रास्ता साफ हो गया है। शुगर मिल्स के महाप्रबंधक शशि केडिया ने बताया कि बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने बुचेया में इथेनाल प्लांट लगाने के लिए क्लियरेंस दे दिया है। यह प्लांट लगभग 8.33 एकड़ जमीन पर 152.30 करोड़ के लागत से प्लांट बनेगा। इसमें पर्यावरण संरक्षण के उपाय के लिए अलग से 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस प्लॉट की क्षमता शिरा आधारित 100 केएलपीडी होगी। चार मेगावाट बिजली उत्पादन भी होगा। कंपनी जल संरक्षक, क्षेत्रों का विद्युतीकरण, स्वास्थ देखभाल, स्वच्छता अभियान के तहत आसपास शौचालय निर्माण, युवाओं और किसानों का कौशल विकास तथा शिक्षा के विकास के लिए भी दो करोड़ 28 लाख रुपये प्रतिवर्ष खर्च करेगी। इथेनाल प्लांट लगने से इस इलाके के लोगों के लिए रोजगार का अवसर भी बढ़ेगा। उन्हें बताया कि अक्टूबर महीने से प्लांट लगाने का काम शुरू हो जाएगा।