गोपालगंज में सिलापट लदी ट्रक ने ली वृद्ध महिला की जान, दामाद-नाती गंभीर घायल
गोपालगंज के सिधवलिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बिशुनपुरा कोठी गांव के पास सिलापट लदे ट्रक ने ...और पढ़ें

सिलापट लदी ट्रक ने ली वृद्ध महिला की जान
HighLights
सिधवलिया में ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत।
दामाद और नाती गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की।
संवाद सूत्र, सिधवलिया (गोपालगंज)। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा कोठी गांव स्थित सिधवलिया–झझवा पथ पर सिलापट लदी एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इलाज कराकर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मृतका की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया कबीराज टोला निवासी स्वर्गीय चंद्रकेत महतो की 62 वर्षीय पत्नी शिवकुमारी देवी के रूप में की गई है। बताया गया कि वह महम्मदपुर स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज कराकर अपने दामाद विजय कुमार दास और नाती नवीन कुमार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।
पीछे से ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
जैसे ही बाइक बिशुनपुरा कोठी गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रही सिलापट लदी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शिवकुमारी देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दामाद और नाती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को पहले सीएचसी, फिर गोपालगंज रेफर
सूचना मिलते ही सिधवलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधवलिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
घटना से आक्रोशित कबीराज टोला के ग्रामीणों और स्वजनों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया।
ट्रक जब्त, चालक हिरासत में
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सोमनाथ झा ने बताया कि फिलहाल स्वजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में मचा कोहराम
वृद्ध महिला की मौत से उनकी बेटी शिला देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
