Bihar News: बेटी का इश्क पिता को नहीं आया रास, पहले की हत्या फिर शव को गंडक नदी में फेंका; ऐसे हुआ गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण में एक युवती की हत्या उसके ही पिता ने कर दी। हत्या के बाद गुरुवार रात आरोपियों ने शव को गोपालगंज के जादोपुर में गंडक नदी में फेंक दिया। इस दौरान पुलिस ने शव को गंडक नदी में फेंकते देख लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन सभी आरोपित बोलेरो में सवार होकर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड में एक युवती की हत्या उसके ही पिता सहित अन्य लोगों ने कर दी। प्रेम-प्रसंग में हत्या के बाद शव को गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में गंडक नदी में गुरुवार की रात को फेंक दिया।
इस दौरान पुलिस की टीम ने शव को गंडक नदी में फेंकते देख लोगों को टार्च के माध्यम से रोकने का इशारा किया, लेकिन सभी आरोपित बोलेरो में सवार होकर भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने पीछा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक बोलेरो लेकर फर हो गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शामिल युवती के पिता ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी करने के बाद चारों आरोपितों को शुक्रवार को आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश कर दिया।
क्या बोले जादोपुर थानाध्यक्ष ?
जादोपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार पाण्डेय ने बताया कि गुरुवार की रात पुलिस की एक टीम गंडक नदी में उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाली शराब लदी नाव की टोह में छापेमारी कर रही थी। इसी बीच एक चार पहिया वाहन मंगलपुर पुल पर आकर रुका। चार पहिया वाहन को रुकते देखकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच रही थी।
इस बीच गाड़ी की लाइट पर दिखा कि बोलेरो से एक युवती का शव निकाल कर गंडक नदी में सभी लोग फेंकने के बाद वहां से बोलेरो में बैठकर भाग रहे है। इसके बाद पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिस ने बोलरो का पीछा किया तो बोलेरो सवार लोग बोलेरो से कूदकर पैदल खेत की तरफ भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पिता बोला- प्रेम-प्रसंग के कारण की हत्या
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में शामिल पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड निवासी प्रभु साह, प्रमोद साह, विनोद साह व परमा साह ने पुलिस को बताया कि प्रभु साह की बेटी 18 वर्षीय मोती कुमारी का एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। ऐसे में प्रभु साह ने अपनी बेटी की अपने घर में हत्या करने के बाद शव को मंगलपुर पुल से गंडक नदी में फेंक दिया।
अबतक नहीं मिली युवती की लाश
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस गंडक नदी में शव की तलाश कर रही है। गिरफ्तार प्रभु साह, प्रमोद साह व विनोद साह तीनों सगे भाई हैं। परमा साह उनके चचेरे भाई हैं।
शुक्रवार शाम खबर लिखे जाने तक शव की बरामदगी नहीं हो सकी थी। शव खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है। पुलिस फरार चालक के साथ ही बोलेरो की भी तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: JDU Meeting Live: नीतीश कुमार बने जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, ललन सिंह के इस्तीफे के बाद प्रस्ताव पास