गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देख मंगलपुर पुल का निरीक्षण करने पहुंचे गोपालगंज डीएम, दिए सख्त निर्देश
डीएम समीर सौरभ ने गंडक नदी के संभावित जलस्तर वृद्धि के मद्देनजर मंगलपुर पुल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
-1787765918035_m.webp)
मंगलपुर पुल का निरीक्षण करते डीएम। (जागरण)
HighLights
डीएम ने मंगलपुर पुल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
गंडक नदी डुमरिया घाट पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही।
अधिकारियों को सतर्कता और सहायता के लिए तैयार रहने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गंडक नदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए बुधवार को डीएम समीर सौरभ ने मंगलपुर पुल एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने नदी के जलस्तर की स्थिति, संभावित प्रभाव और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेने के बाद उन्होंने लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। निर्देश दिया कि संभावित स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने गंडक के जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की।
निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से जरूरत पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा। बच्चों, बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, एसडीओ ड. प्रेरणा सिंह, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शाहनवाज खान, कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
बाल्मीकिनगर बराज से 1.50 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज
बाल्मीकिनगर बराज से बुधवार को अधिकतम 1,50,200 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार बराज से पानी का डिस्चार्ज लेवल अभी और बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
इधर, डुमरिया घाट में गंडक नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार बुधवार की रात और गुरुवार को बराज से पानी के डिस्चार्ज में और वृद्धि की संभावना है। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- अगले 72 घंटे में गंडक नदी में आएगा भारी उफान, मुजफ्फरपुर आपदा प्रबंधन ने जारी की एडवाइजरी
