डोमाहाता में दो पक्ष के भिड़े, छह लोग घायल
मांझा थाना क्षेत्र के डोमाहाता गांव में सोमवार की देर शाम बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए।
गोपालगंज : मांझा थाना क्षेत्र के डोमाहाता गांव में सोमवार की देर शाम बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुस गए तथा लाठी-डंडा से हमला कर छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद सभी घायलों को आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि डोमाहाता गांव निवासी भागरथी राम के परिवार के बच्चे तथा पड़ोस के बच्चो के बीच किसी बात को लेकर मारपीट होने लगी। बच्चों के बीच मारपीट होते देख आसपास के लोगों ने झगड़ा छुड़ाकर बच्चों को उनके घर भेज दिया। घर जाने के बाद बच्चों ने इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दिया। घटना की जानकारी होने पर कुछ लोग भागरथी राम के घर पर पहुंच कर गाली गलौच करने लगे। जिसका विरोध करने पर दोनों के विवाद बढ़ गया तथा वे पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान भागीरथ राम के घर में घुस कर लाठी डंडा तथा ईंट से हमला कर भागरथी राम, अनिल राम, राजेश राम, देवकली देवी, कांता राम सहित छह लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।