विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अफसर का अंदाज देख दंग रह गए लोग, बांध टूटने के बाद गोपालगंज SP ने खुद उठाईं जियो बैग की बोरियां

Published: Thu, 01 Oct 2026 08:46 PM (IST)

गोपालगंज के बैकुंठपुर में जमींदारी बांध टूटने के बाद एसपी विनय तिवारी ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया।

खुद बोरियां उठाते एसपी विनय तिवारी। (जागरण)

खुद बोरियां उठाते एसपी विनय तिवारी। (जागरण)

HighLights

  1. गोपालगंज के बैकुंठपुर में जमींदारी बांध टूटने से पानी फैला।

  2. एसपी विनय तिवारी ने राहत कार्य का जायजा लिया।

  3. एसपी ने खुद जियो बैग उठाकर कामगारों का हौसला बढ़ाया।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बैकुंठपुर प्रखंड के शीतलपुर पकहा बांध के समीप जमींदारी बांध टूटने के बाद गुरुवार को एसपी विनय तिवारी मौके पर पहुंचे।

बांध टूटने से आसपास के इलाके में पानी फैलने के बाद प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। इसी दौरान एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राहत-बचाव कार्य के दौरान एसपी विनय तिवारी का अलग अंदाज देखने को मिला। बांध की मरम्मत और पानी के बहाव को रोकने के लिए लगाए जा रहे जियो बैग को उन्होंने खुद उठाया और कामगारों तक पहुंचाया।

एसपी को खुद जियो बैग की बोरी उठाकर ले जाते देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी, पुलिसकर्मी, कामगार और ग्रामीण भी हैरान रह गए।

प्रभावित इलाकों की ली जानकारी

एसपी ने राहत कार्य में जुटे कर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें पूरी तत्परता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बांध की स्थिति, पानी के बहाव और आसपास के प्रभावित इलाकों की जानकारी ली।

साथ ही राहत एवं बचाव कार्य को और तेज करने का निर्देश दिया। एसपी के इस प्रयास को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी खूब प्रशंसा की।

ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारी जब खुद मौके पर उतरकर काम करते हैं तो इससे राहत कार्य में जुटे लोगों का उत्साह बढ़ता है। बांध टूटने के बाद प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- गोपलगंज में 1 महीने तक ई-शिक्षा कोष पर नहीं बनी हाजिरी, विभाग ने शिक्षिका से मांगा जवाब