सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं, मास्क भी नहीं पहन रहे लोग
जिला निबंधन कार्यालय में लोगों की भीड़ लगने लगी है। लेकिन लोग एहतियातों का पालन नहीं कर रहे हैं। इस कारण संक्रमण की आशंका है।
जागरण लाइव
निबंधन कार्यालय में नियमों का नहीं किया जा रहा पालन
- एक दूसरे से सट कर काउंटर के पास खड़े हो रहे लोग
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : आनलॉक वन में जिला निबंधन कार्यालय भी खुल गया है। जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों की भीड़ भी लगने लगी है। लेकिन यहां आने वाले अधिकांश लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। काउंटर पर दस्तावेज जमा करने के लिए कतार में खड़े लोग शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं कर रहे हैं। हालांकि कार्यालय में मास्क पहन कर कर्मी काम करते हुए दिखे। लेकिन यहां सैनिटाइजर की व्यवस्था कहीं नहीं दिखी।
सोमवार को दोपहर के साढ़े 11 बजे हैं। कचहरी परिसर में स्थित जिला निबंधन कार्यालय में लोगों की भीड़ लगी है। लोग एक दूसरे के पास बैठकर आसपास में जमीन की खरीद बिक्री को लेकर चर्चा कर रहे हैं। निबंधन कार्यालय के बाहर बनाएं गए दस्तावेज काउंटर पर करीब बीस की संख्या में लोग दस्तावेज जमा करने के लिए कतार में खड़े हैं। लेकिन यहां शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग एक दूसरे से सट कर खड़े दिखे। अधिकांश लोगों ने मास्क भी नहीं पहने थे। ऐसा दिख रहा था कि किसी को कोरोना संक्रमण को लेकर कोई भय नहीं है। हालांकि इस दौरान कर्मियों के कहने पर कुछ देर के लिए लोग शारीरिक दूरी बना लेते थे। लेकिन फिर एक दूसरे के पास सट कर खड़े हो जाते थे। यहां सैनिटाइजर की व्यवस्था भी नहीं दिखी। हालांकि कार्यालय में कर्मी मास्क पहनकर काम करते दिखे।
ं इस संबंध में कर्मियों ने बताया कि यहां आने वाले लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने तथा मास्क पहने के लिए बार-बार कहा जाता है। लेकिन लोग उनकी बातों पर ध्यान ही नहीं देते हैं। सैनिटाइजर समाप्त हो गया है। उसे मंगवाया जा रहा है।