विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गोपालगंज में वैक्सीनेशन केंद्रों पर उमड़ी भीड़ से चरमराई व्यवस्था, कटेया में हंगामा

By JagranEdited By:
Published: Sat, 31 Jul 2021 10:49 PM (IST)

शुक्रवार की देर शाम जिले में पटना से 12 हजार कोविड वैक्सीन की डोज मिल गई। इससे शुक्रवार को वैक्सीनेशन ...और पढ़ें

गोपालगंज में वैक्सीनेशन केंद्रों पर उमड़ी भीड़ से चरमराई व्यवस्था, कटेया में हंगामा
गोपालगंज में वैक्सीनेशन केंद्रों पर उमड़ी भीड़ से चरमराई व्यवस्था, कटेया में हंगामा

जागरण टीम, गोपालगंज : शुक्रवार की देर शाम जिले में पटना से 12 हजार कोविड वैक्सीन की डोज मिल गई। इससे शुक्रवार को वैक्सीनेशन का काम ठप रहने के बाद शनिवार को फिर से वैक्सीन लगाने का काम शुरू हो गया। वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीनेशन केंद्रों पर शनिवार की सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारी भीड़ के कारण कई वैक्सीनेशन केंद्रों पर व्यवस्था चरमरा गई। कटेया प्रखंड के दो केंद्रों पर लोगों के हंगामा करने के कारण वैक्सीनेशन का काम बाधित हो गया।

जिले में वैक्सीन की कमी के कारण अब वैक्सीनेशन का काम प्रभावित होने लगा है। चार दिन तक ठप रहने के बाद वैक्सीन आने पर गुरुवार को वैक्सीनेशन किया गया, लेकिन वैक्सीन समाप्त हो जाने के कारण शुक्रवार को वैक्सीनेशन का काम ठप रहा। इसी बीच देर शाम जिले में पटना से 12 हजार वैक्सीन की डोज लाई गई। वैक्सीन उपलब्ध करने के बाद शनिवार को फिर वैक्सीनेशन का काम शुरू हो गया, लेकिन वैक्सीनेशन केंद्रों पर भारी भीड़ के कारण व्यवस्था चरमरा गई। वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हंगामा के कारण कटेया में दो केंद्रों पर वैक्सीनेशन बाधित

कटेया (गोपालगंज ) : कटेया प्रखंड को वैक्सीन की महज पांच सौ डोज मिली। इस कारण बैरिया पंचायत में दो केंद्रों पर वैक्सीनेशन का काम शुरू हो सका। इन दोनों केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। कई लोग पहले वैक्सीन लगवाने के लिए दबाव बनाने लगे, जिससे लाइन में लगे लोग उग्र हो गए। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने स्वास्थ्य कर्मियों तथा केंद्र पर प्रतिनियुक्त शिक्षकों के साथ धक्का मुक्की की, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों को केंद्र छोड़कर भागना पड़ा। वैक्सीनेशन का काम बाधित हो गया। रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाक्टर भगवान लाल सिंह ने बताया कि कम डोज प्राप्त होने से लोगों की भीड़ बढ़ जा रही है। सेंटर हंगामा होने के कारण टीकाकरण कार्य बंद करना पड़ा।

बैकुंठपुर में केंद्रों पर रहा अफरा तफरी का माहौल

बैकुंठपुर (गोपालगंज ) : प्रखंड क्षेत्र के चार जगहों पर शनिवार को कोरोना के टीकाकरण के लिए कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान कैंप में लोगों की भारी भीड़ के कारण अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। टीका लगवाने गए लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्वास्थ्यकर्मियों को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत भवन बंगरा, चिउटाहां, परसौनी तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतिथ में टीकाकरण के लिए कैंप का आयोजन किया गया था। सभी जगहों पर ढाई-ढाई सौ लोगों को टीका वापस सीएचसी में लाया गया। कुचायकोट में कैंप में चलता रहा नोकझोंक व विवाद

कुचायकोट(गोपालगंज ) : प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय बालक के प्रांगण में शनिवार को वैक्सीनेशन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रथम डोज, द्वितीय डोज और महिलाओं के लिए अलग-अलग कुल पांच काउंटर बनाए गए थे । इसके बाद भी भारी भीड़ के चलते वैक्सीनेशन केंद्र पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही और दिन भर लोगों में विवाद और नोकझोंक चलता रहा। भीड़ की स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन द्वारा वैक्सीनेशन सेंटर पर पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी । स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि लोगों को असुविधा नहीं हो, इसको लेकर पांच काउंटर बनाए गए थे। इसके बावजूद भारी भीड़ के चलते लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।