मुख्यमंत्री के आगमन पर गोपालगंज में हाई अलर्ट: हैलीपैड से देवापुर तक कड़ी सुरक्षा, हर 100 गज पर पुलिस तैनात
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के गोपालगंज आगमन को लेकर बरौली से देवापुर तक प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा ...और पढ़ें

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों की नजर
संवाद सूत्र, बरौली (गोपालगंज)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर बरौली प्रखंड मुख्यालय से देवापुर तक प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को दिनभर बूंदाबांदी के बावजूद अधिकारी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। हैलीपैड से लेकर देवापुर स्थित पूर्व मंत्री स्वर्गीय ब्रजकिशोर नारायण सिंह उर्फ बाबू साहब के प्रतिमा स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर सड़क किनारे बैरिकेडिंग की गई है। मार्ग पर किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए प्रत्येक 100 गज की दूरी पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही हैलीपैड स्थल वाले बरौली-सोनवर्षा मार्ग पर भारी चारपहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
सोनवर्षा में बने हैलीपैड पर उतरेगा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर सोनवर्षा स्थित खेत में बनाए गए हैलीपैड पर उतरेगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री लग्जरी वाहन से सड़क मार्ग के रास्ते देवापुर पहुंचेंगे।
हैलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पूरे रास्ते में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन का जोर सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर है, ताकि मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
ब्रजकिशोर नारायण सिंह की 92वीं जयंती में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री देवापुर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय ब्रजकिशोर नारायण सिंह उर्फ बाबू साहब की 92वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम बरौली विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक मंजीत सिंह के आवास पर आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर विधायक आवास और आसपास के क्षेत्रों में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के साथ कई मंत्रियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर अधिकारियों की नजर
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला लगातार सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।
सड़क किनारे बैरिकेडिंग से लेकर पुलिस बल की तैनाती तक हर व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।