विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित छठू राम गिरफ्तार

By JagranEdited By:
Published: Wed, 17 Nov 2021 10:56 PM (IST)

जागरण संवाददाता गोपालगंज महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर तुरहा टोली में जहरीली शराब

जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित छठू राम गिरफ्तार
जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपित छठू राम गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गोपालगंज : महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर तुरहा टोली में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित छठू राम को पुलिस ने उचकागांव से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बताया जाता है कि महम्मदपुर तुरहा टोली में बीते तीन नवंबर को जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में नामजद मुख्य आरोपित छठू राम पिछले 15 दिनों से पुलिस को चकमा देकर अपने रिश्तेदारों के घर में छिप रहा था। इसी बीच एसपी आनंद कुमार को सूचना मिली कि छठू राम उचकागांव थाना क्षेत्र के सुकुलवा गांव के समीप नहर पर अपने एक रिश्तेदार के घर पर रह रहा है, जिसके बाद टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार छठू राम को पुलिस नगर थाना लेकर पहुंची। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने आरोपित से घंटों पूछताछ की। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि जहरीली शराब बेचने व उसकी तस्करी करने के मामले में पुलिस पूर्व में 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में फरार चल रहा मुख्य आरोपित छठू राम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब एक अन्य आरोपित फरार है। उसकी भी गिरफ्तारी पुलिस टीम जल्द ही कर लेगी।

हर घंटे लोकेशन बदल पुलिस को चकमा दे रहा था आरोपित छठू राम

महम्मदपुर तुरहा टोली में जहरीली शराब बेचने के मामले में गिरफ्तार किया गया मुख्य आरोपित छठू राम की गिरफ्तारी के बाद करीब तीन घंटे तक पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को छठू राम ने कई अन्य शराब धंधेबाजों का नाम भी बताया। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि छठू राम हर घंटे अपना लोकेशन बदल रहा था, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी में करीब 15 दिन का समय लग गया है। उन्होंने बताया कि एसपी आनंद कुमार के निर्देश पर पूरी कार्रवाई की गई।

फरार करण की तलाश में यूपी व चंपारण में हुई छापेमारी

महम्मदपुर में जहरीली शराब का खेप भेजने वाले आरोपित करण सिंह की तलाश में पुलिस यूपी के सीमावर्ती इलाके के साथ साथ चंपारण में भी छापेमारी अभियान चला रही है। बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी करण सिंह ने ही महम्मदपुर में जहरीली शराब की खेप को पहुंचाने का कार्य किया गया था। पुलिस इस मामले में शराब की सप्लाई करने वाले करण सिंह की गिरफ्तारी के लिए यूपी के सीमावर्ती इलाके के साथ साथ चंपारण में भी छापेमारी अभियान चला रही है।