समारोह पूर्वक मनी शहीद खुदीराम बोस की जयंती
गोपालगंज। देश की आजादी के लिए सबसे कम उम्र में फांसी का फंदा गले लगाने वाले शहीद खुदीराम
गोपालगंज। देश की आजादी के लिए सबसे कम उम्र में फांसी का फंदा गले लगाने वाले शहीद खुदीराम बोस की जयंती समारोह पूर्वक मनायी गयी। गुरुवार को बंजारी रोड़ स्थिति जानकी सदन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर की गयी। समारोह को संबोधित करते हुए जिला पार्षद ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि आज इस बात की आवश्यकता है कि देश के नौजवान शहीद खुदीराम बोस के पदचिन्हों पर चल कर व्याप्त भ्रष्टाचार और अराजकता को दूर करें। उन्होंने कहा कि शहीद खुदीराम बोस की तरह भारत माता के प्रत्येक सपूत को देश के लिए मरना और जीना चाहिए। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा लगाने की मांग नगर परिषद प्रशासन से की। अपने संबोधन में छात्र नेता सचिन कुमार सिंह ने कहा कि देश के इतिहास में स्वाधीनता के लिए कुर्बानी देने वाले खुदीराम बोस सबसे कम उम्र के क्रांतिकारी थे। जिन्होंने महज 18 साल की उम्र में देश के लिए फांसी के फंदे को गले लगा लिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को इनके आदर्शो पर चलते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। जयंती समारोह में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।