विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DUSU Election 2026: बिहार के लाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में लहराया परचम, 250 वोटों से हासिल की जीत 

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:49 AM (IST)

विजयीपुर (गोपालगंज) के छात्र आदर्श कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में कोर्स रिप्रेजेंटेटिव पद पर 250 मतों से जीत दर्ज की।

आदर्श कुमार। फोटो जागरण

आदर्श कुमार। फोटो जागरण  

HighLights

  1. आदर्श कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में जीत हासिल की।

  2. उन्होंने कोर्स रिप्रेजेंटेटिव पद पर 250 मतों से प्रतिद्वंद्वी को हराया।

  3. विजयीपुर, गोपालगंज के लिए यह एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

संवाद सूत्र, विजयीपुर (गोपालगंज)। विजयीपुर प्रखंड के छात्र आदर्श कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कामर्स में हुए चुनाव में आदर्श ने पाठ्यक्रम प्रतिनिधि (कोर्स रिप्रेजेंटेटिव) पद पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 250 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही विजयीपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्वजन, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। आदर्श कुमार विजयीपुर निवासी एवं भाजपा नेता मृत्युंजय लाल श्रीवास्तव के पुत्र हैं।

दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययन के दौरान उन्होंने छात्र प्रतिनिधि पद के लिए चुनाव मैदान में उतरकर विद्यार्थियों से समर्थन मांगा। चुनाव परिणाम में उन्हें विद्यार्थियों का भरोसा मिला और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पर 250 मतों की बढ़त बनाकर जीत हासिल की।

आदर्श की जीत पर समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। लोगों ने कहा कि विजयीपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर देश के प्रतिष्ठित दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र प्रतिनिधि चुना जाना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

जीत के बाद आदर्श कुमार ने सभी मतदाताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्र प्रतिनिधि के रूप में विद्यार्थियों की समस्याओं को विश्वविद्यालय स्तर पर उठाना और उनके हितों के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।

यह भी पढ़ें- DUSU: दिल्ली विश्वविद्यालय में ABVP की जीत पर धनबाद में जश्न, कार्यकर्ताओं ने फोड़े पटाखे