विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द होने से 32 साल पुरानी यादें ताजा, फिर चर्चा में आया जी कृष्णैया हत्याकांड

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:26 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है, जिससे 32 साल पुराना जी. कृष्णैया हत्याकांड फिर सुर्खियों में आ गया है। इस फैसले ने 1994 में मुजफ्फरपुर में तत्कालीन गोपालगंज डीएम जी. कृष्णैया की हत्या की यादें ताजा कर दी हैं।

कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पूर्व डीएम की प्रतिमा : जागरण

कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पूर्व डीएम की प्रतिमा : जागरण

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द की।

  2. पूर्व सांसद को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश।

  3. 1994 का जी. कृष्णैया हत्याकांड 32 साल बाद फिर सुर्खियों में।

रजत कुमार, गोपालगंज। जिले के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश रद्द किए जाने और उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिए जाने के बाद 32 साल पुराने इस चर्चित हत्याकांड की यादें ताजा हो गई हैं। इस घटना के दौरान डीएम की सरकारी एंबेसडर कार चला रहे चालक दीपक कुमार के आंखों देखे बयान भी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं।

शवयात्रा के दौरान भीड़ के बीच पहुंची थी डीएम की कार

पांच दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर जिले के खबड़ा इलाके में हुई इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस दिन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया पटना में एक बैठक में शामिल होने के बाद सरकारी वाहन से गोपालगंज लौट रहे थे।

इसी दौरान मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा गुजर रही थी। शवयात्रा के दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा थी। इसी बीच डीएम की एंबेसडर कार भीड़ के बीच पहुंच गई।

चालक दीपक कुमार ने सुनाई थी आंखों देखी घटना

चालक दीपक कुमार के अनुसार, अचानक आक्रोशित भीड़ ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। भीड़ ने डीएम को गाड़ी से बाहर निकालकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना ने प्रशासनिक महकमे के साथ पूरे देश में सनसनी फैला दी थी।

फांसी से उम्रकैद तक पहुंचा था मामला

इस मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे पटना हाईकोर्ट ने उम्रकैद में बदल दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2012 में उम्रकैद की सजा बरकरार रखी थी।

2023 में रिहाई, अब सुप्रीम कोर्ट ने पलटा फैसला

अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की सजा माफी नीति में बदलाव के बाद आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया गया था। अब 26 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इस रिहाई को रद्द करते हुए संबंधित संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है। शीर्ष अदालत के इस फैसले से एक बार फिर जी. कृष्णैया हत्याकांड और उस दिन की घटना चर्चा के केंद्र में आ गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।