गोपालगंज: सामपुर बाजार-हरपुर मुख्य मार्ग पर नीलगाय के बाइक के आगे कूदने से हादसा, युवक की मौत; अधिवक्ता जख्मी
भोरे थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी रंगलाल यादव के 22 वर्षीय बेटे प्रेम यादव गोपालगंज कचहरी में अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह के साथ ताईद का काम करता था। बुधवार देर शाम वह कचहरी का काम खत्म कर अधिवक्ता के साथ बाइक पर वापस घर जा रहा था।
संवाद सूत्र, उचकागांव (गोपालगंज)। उचकागांव थाना क्षेत्र के सामपुर बाजार-हरपुर मुख्य पथ पर पेट्रोल पंप के समीप चलती बाइक के आगे एक नीलगाय के कूद जाने से बाइक सवार ताईद एवं अधिवक्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
सदर अस्पताल ले जाने के दौरान ताईद की मौत हो गई। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि भोरे थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी रंगलाल यादव के 22 वर्षीय बेटे प्रेम यादव गोपालगंज कचहरी में अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह के साथ ताईद का काम करता था।
बुधवार की देर शाम वह कचहरी का काम खत्म होने के बाद अधिवक्ता के साथ बाइक पर बैठकर वापस अपने घर जा रहे थे।
जैसे ही वह सामपुर बाजार-हरपुर मुख्य पथ पर पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे कि एक नीलगाय चलती बाइक के आगे कूद गई, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों गिर पड़े।
इसमें ताईद प्रेम यादव एवं श्रीपुर ओपर क्षेत्र के दुलारपुर निवासी स्व. जगत नारायण सिंह के 34 वर्षीय पुत्र अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह बुरी तरीके से जख्मी हो गए।
सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में प्रेम यादव ने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में प्रेम यादव को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया।
घायल अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह का इलाज उचकागांव के सरकारी अस्पताल में कराया गया। अभी तक कोई भी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।
पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
कमाऊ बेटे की मौत से स्वजन पर टूटा दुखों का पहाड़
उचकागांव में हुई सड़क दुर्घटना में भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर टोला रामनगर गांव निवासी रंगलाल चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र प्रेम यादव की मौत के बाद स्वजन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कमाऊ बेटे के खोने के गम में वृद्ध पिता के आंसू रुक नहीं रहे हैं। वहीं, वृद्ध मां शिवपति देवी की बूढ़ी आंखों से आंसू अपने छोटे बेटे के शव को देखकर थम नहीं रहे थे। वे रो-रोकर बार-बार बेसुध हो जा रही थीं।
बताया जाता है कि प्रेम यादव विगत दो वर्षों से अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह के साथ गोपालगंज कचहरी में रहकर कचहरी का काम देखा करता था।
प्रेम यादव आठ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई मनोहर यादव, मदन यादव तथा अमर यादव बाहर रहकर मजदूरी करते हैं।
वृद्ध पिता 75 वर्षीय रंग लाल चौधरी घर पर किसानी का काम देखते हैं। प्रेम की मौत के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है।
उधर, दूसरी तरफ इस दुर्घटना में घायल अधिवक्ता गुड्डू कुमार सिंह का इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि उनके पिता जगत सिंह का निधन पिछले साल हार्ट अटैक से हो गया था।