साली की शादी में जीजा को बंधक बना कर पीटा
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सदर प्रखंड के जादोपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सदर प्रखंड के जादोपुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात साली की शादी में शामिल होने आए एक जीजा को ससुराल वालों ने एक कमरे में बंधक बना कर पूरी रात पिटाई करते रहे। मारपीट के दौरान जीजा के पास मौजूद तीस हजार रुपया भी छीन लिया गया। इस बीच इस घटना की जानकारी मिलने पर कुछ दूर स्थिति अपने गांव से अपने बेटे को बचाने पहुंची मां और उनकी बेटी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। तीनों घायलों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का कारण दामाद का अपनी पत्नी से मनमुटाव बताया जाता है।
बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के हीरा पाकड़ गांव निवासी रविन्द्र सहनी का इसी थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में ससुराल है। इसी बीच इनकी साली की शादी तय हो गयी। इनकी पत्नी ने इन्हें शादी समारोह में शामिल होने बुलाया। बृहस्पतिवार को रविंद्र सहनी साली की शादी में शामिल होने अपनी ससुराल पहुंचे। लेकिन इस दौरान पत्नी से मनमुटाव को लेकर ससुराल के लोग इनसे सवाल जबाव करने लगे। बात इतनी बिगड़ गयी कि ससुराल वालों ने गांव वालों के साथ मिलकर रविंद्र सहनी को एक कमरे में बंधक बना लिया और रात भर इनकी पिटाई करते रहे। इस बात की जानकारी मिलने पर रविंद्र महतो की मां माया देवी तथा बहन उर्मिला कुमारी मामले को सुलझाने हरपुर पहुंच गयी। लेकिन इन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। तीनों घायलों को इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल रविंद्र सहनी ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके पास मौजूद तीस हजार रुपया भी छीन लिया गया। घायलों का बयान दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।