Road Accident: औरंगाबाद में बस की चपेट में आने से एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, जीटी रोड जाम
औरंगाबाद के मदनपुर में गुरुवार देर रात बस की चपेट में अाने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हाे गया। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक लोगों ने आवागमन बाधित रखा।
जासं, औरंगाबाद। मदनपुर थाना क्षेत्र के दर्जीबिगहा गांव के पास गुरुवार की रात कंटेनर की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें मोबीनपुर-दर्जीबिगहा गांव के फैजान अशरफ की मौत इलाज के दौरान हो गई। वहीं मो फिरोज का इलाज चल रहा है। इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात में जीटी रोड को जाम कर दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
काेलकाता जाने के लिए बस की डिक्की में सामान रखवा रहा था फैजान
घटना के संबंध में बताया जाता है कि फैजान को कोलकाता जाना था। रात करीब नौ बजे मदनपुर से कोलकाता जाने वाली सिंहलोक नामक बस की डिक्की में फैजान अपना सामान रखवा रहा था। पास में फिरोज भी खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आए अनियंत्रित कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें फैजान व फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस और कंटेनर के चालक मौके से फरार हो गए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों गाड़ी में तोड़फोड़ करते हुए जीटी रोड का जाम कर दिया।
दोनों गाड़ियों के चालक हो गए फरार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस और कंटेनर को जब्त कर लिया। इधर दोनों घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी चिकित्सकों ने फैजान अरशद की गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार की अलसुबह उसने दम तोड़ दिया। इधर घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। लोगों का कहना है कि बेकाबू रफ्तार में गाड़ियों के परिचालन की वजह से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।