Gaya Crime: गया के वजीरगंज में महिला ने फांसी लगा की आत्महत्या, मां को फंदे से लटका देख डरकर चिल्लाने लगे बच्चे
गया के वजीरगंज में किराए के कमरे में रहने वाली 30 वर्षीय एक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। वह मूल रूप से नवादा जिले की रहनेवाली थी। महिला का पति बाहर रहकर नौकरी करता है ।
संवाद सूत्र, वजीरगंज (गया)। वजीरगंज बाजार स्थित शिक्षक कॉलोनी में किराए के एक मकान में रह रही एक महिला गुडि़या देवी (30 वर्षीय) ने शुक्रवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह नवादा जिला के अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलनी निवासी संतोष कुमार सिंह की पत्नी गुडिया देवी थी। यहां बच्चों को पढ़ाने के लिए रहती थी। घटना की सूचना पुलिस को शनिवार की सुबह कोलकाता में रह रहे महिला के पति से मिली। इसके बाद पुलिस पहुंची और स्वजनों को सूचना दी गई।
फंदे से लटकी मां को देख डरकर चिल्लाने लगे बच्चे
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अब्दुल गफ्फार के अनुसार महिला के बच्चों ने बताया कि रात को पढ़ाई करने के बाद वे खाना खाकर सो गए थे। सुबह जागने पर वह अपनी मां को पंखे से लटकता देखा। यह देखकर वे डर गए और चिल्लाने लगे। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे। किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर महिला पंखे से लटकी हुई थी। लोगों ने इसकी सूचना मोबाइल पर उसके पति संतोष को दी। पुलिस को संतोष ने हीं कोलकाता से फोन कर इसकी सूचना दी।
सूचना के बाद भी नहीं आए मायके के लोग
थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके गांव कुलनी से रिश्तेदारी के कुछ लोग आए हैं। पोस्टमार्टम करा कर शव रिश्तेदारों को साैंप दिया जाएगा। कोलकाता से उसके पति के आने के बाद फर्दबयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत महिला का मायका वजीरगंज थाना क्षेत्र के कुर्किहार में ही है। लेकिन सूचना के बाद भी वे लोग नहीं आए हैं।
जानकारी के अनुसार संतोष कोलकाता में रहकर मजदूरी करता है। जबकि महिला अपने दो बच्चों को स्कूली शिक्षा दिलाने के लिए वजीरगंज बाजार के शिक्षक कॉलोनी स्थित किराए के मकान में रह रही थी। घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।