विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया एयरपोर्ट में मोबाइल छूटने पर महिला ने किया बवाल, क्रू मेंबर ने फ्लाइट से उतारा  

Published: Mon, 12 Oct 2026 09:24 AM (IST)

गया एयरपोर्ट पर इंडिगो की कोलकाता जाने वाली उड़ान में एक महिला यात्री का मोबाइल फोन को लेकर क्रू मेंबर से विवाद हो गया।

इंडिगो फ्लाइट। फाइल फोटो

इंडिगो फ्लाइट। फाइल फोटो

संवाद सूत्र, बोधगया। गया एयरपोर्ट पर कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान से पहले मोबाइल फोन को लेकर एक महिला यात्री की क्रू मेंबर और एयरहोस्टेस से तीखी कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर पायलट को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद महिला को विमान से उतार दिया गया और उड़ान कोलकाता के लिए रवाना हो गई। बाद में एयरलाइंस ने महिला को मगध मेडिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

एयरपोर्ट परिसर में छूट गया था मोबाइल

महिला की पहचान बेंगलुरु निवासी आशा राजेंद्रम कृष्णमूर्ति के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, महिला का मोबाइल फोन एयरपोर्ट परिसर में छूट गया था। विमान में सवार होने के बाद उन्होंने क्रू मेंबर से मोबाइल लाने को कहा।

उड़ान की तैयारी और समय की कमी के कारण विमानकर्मियों ने असमर्थता जताई। इसी बात पर कहासुनी शुरू हुई, जो तीखी झड़प में बदल गई।

मगध मेडिकल थाना प्रभारी राम सुदेह कुमार ने बताया कि एयरलाइंस के एओसीएस विश्व रंजन राना ने महिला के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, महिला यात्री ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दोनों पक्षों से आवेदन मिले हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मां विंध्यवासिनी के भक्तों को रेलवे की सौगात, मंदिर के पास रुकेंगी बिहार से जाने वाली 10 एक्सप्रेस ट्रेनें 

यह भी पढ़ें- मुंगेर का भीमबांध बनेगा प्रमुख पर्यटन केंद्र, राजगीर में बनेगा 'क्लिफ वाक'; बिहार में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा