Bihar Weather Report: कैमूर, रोहतास, गया, औरंगाबाद और नवादा में कैसा रहेगा आज का मौसम, अलर्ट जारी
Weather Update बिहार के गया और आसपास के इलाके में मौसम का मिजाज काफी तल्ख हो गया है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने औरंगाबाद जिले के लिए अलर्ट जारी किया है। जानिए कैसा रहेगा आज का मौसम
गया, जागरण टीम। बिहार के दक्षिणी हिस्से में मौसम का मिजाज बेहद तल्ख हो गया है। इस इलाके में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने औरंगाबाद सहित आसपास के कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक गया, औरंगाबाद, नवादा, सासाराम और कैमूर में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। इन सभी जिलों में आज के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञानियों ने दोपहर में घर से बाहर निकलने से परहेज करने अथवा समुचित सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
गया में मौसम ने बदली करवट
गया में मौसम ने अचानक करवट बदली है। रविवार को जहां पूरब दिशा की हवा चल रही थी वह बदलकर सोमवार को पश्चिम दिशा की ओर चल रही है, जिससे हवा गर्म चल रही है। ऐसे रविवार के अपेक्षा सोमवार का तापमान कम रहा है। रविवार को जहां तापमान 45.6 डिग्री अधिकतम था। वहीं सोमवार को घटकर 43.9 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम 26.6 डिग्री दर्ज किया गया। मानपुर स्थित कृषि केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. जाकिर हुसैन कहा कि रविवार को इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रहा था।
अभी राहत के नहीं दिख रहे आसार
सासाराम में शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी से परेशान शहरवासियों को सिर्फ दिन में ही नहीं रात में भी राहत नहीं मिल रही है। गर्मी से परेशान लोगों की रात करवट बदलते बीत रही है। इस भीषण गर्मी में कूलर व पंखे की हवा भी लू की तरह निकल रही है। बेड-बिस्तर तक इतने गर्म हो जा रहे हैं कि उस पर लेटने की हिम्मत नहीं हो रही है।
आसमान में बादल छाए रहने से उमस बढ़ी
भभुआ (कैमूर) जिले में गर्मी चरम पर पहुंच गई है। 45 डिग्री तक तापमान पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बीते रविवार को गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। सोमवार को तापमान रविवार की तरह ही रहा। अधिक तापमान के साथ उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। सोमवार की सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे। इसके चलते उमस भरी गर्मी का एहसास लोगों को हुआ। लगभग 11 बजे तक बादलों के बीच से निकली धूप लोगों को काफी तेज लग रही थी। इस दौरान हवा भी चली। लेकिन उससे भी लोगों को राहत नहीं मिली। 11 बजे के बाद आसमान से बादल साफ हो गए और तापमान दोपहर तक 45 डिग्री पहुंच गया।
प्रचंड लू से झुलस रहा आम जनजीवन
औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड में पिछले सप्ताह से जारी प्रचंड लू जानलेवा साबित हो रहा है। तापमान 40 डिग्री से बढ़ते बढ़ते 45 पार हो गया है। न्यूनतम तापमान बढऩे के कारण गर्मी लोगों को रुला रही है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पहले अधिकतम तापमान में वृद्धि होती थी परंतु न्यूनतम तापमान में कमी रहती थी। नए दौर में न्यूनतम तापमान 20 से 32 डिग्री तक पहुंच गया है जिस कारण गर्मी का असर भयानक दिखता है।