वारंटियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, थानाध्यक्ष समेत तीन घायल
फोटो- 39 40 -ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों को घेरकर ईट-पत्थर से किया हमला -सुहैल सलैया थाना क्षेत्र के सलैया गांव का मामला सभी आरोपी घर छोड़कर फरार -आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी संवाद सूत्र इमामगंज (गया)
गया । जिले के इमामगंज प्रखंड के सलैया गाव में वारंटी को गिरफ्तार करने गई सुहैल सलैया थाने की पुलिस पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने लाठी व पत्थर से हमला बोल दिया। पथराव में थानाध्यक्ष, एसआइ व सिपाही घायल हो गए।
सलैया गांव में एक जमीन विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। उसी मामले में जगदीश भारती सहित आठ लोगों के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। कुछ को पकड़ने व कुछ को जमानत के लिए नोटिस देने गए थे। सलैया गांव थाना से मात्र आधा किमी दूरी पर है। थाना नजदीक होने के कारण एसआइ सिकंदर पासवान और सिपाही पंकज कुमार दास पैदल ही गए। कम पुलिस बल होने के कारण वारंटी और उसके परिजन ने दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। एसआइ ने इसकी जानकारी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह को दी। थानाध्यक्ष भी बाइक से मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने लाठी-डंडे व पत्थर से हमला शुरू कर दिया। इसमें तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। थानाध्यक्ष अजय कुमार का बायां हाथ टूट गया है। उनका इलाज सलैया में निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। एसआइ सिकंदर पासवान और सिपाही पंकज कुमार को सिर व हाथ में गंभीर चोट आई है। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इमामगंज में भर्ती कराया गया। यहां से सिपाही पंकज कुमार को डॉक्टर ने मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया।
एसडीपीओ अजीत कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल लिया। घटना के बाद सभी वारंटी घर छोड़कर भाग गए हैं। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।