शौच के लिए निकली नाबालिग से गांव के व्यक्ति ने किया दुष्कर्म, सिगरेट से जलाने की कोशिश, जान मारने की धमकी
थाना क्षेत्र के गांव में बुधवार रात अपने घर से शौच के लिए निकली एक नाबालिग के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। थाना पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि पुत्री शौच के लिए घर से बाहर निकली थी तभी घटना घटी।
संवाद सूत्र, आमस: थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात अपने घर से शौच के लिए निकली एक नाबालिग के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस मामले की शिकायत लेकर थाना पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि बुधवार की रात मेरी पुत्री शौच के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी गांव का पिंटू कुमार उसे अकेला देखकर मुंह दबाकर सुनसान स्थान की ओर ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म किया। दुष्कर्मी पिंटू कुमार ने उसकी पुत्री को सिगरेट से बदन को जलाना चाहा। उसके कपड़े पर कई जगह पर सिगरेट से जलाए जाने का निशान है।
किसी को बताने पर जान मारने की धमकी
पीड़िता को आरोपित द्वारा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह पीड़िता भाग कर घर पहुंची और घटना की जानकारी स्वजनों को दी। जिसके बाद पीड़िता की मां पीड़िता को लेकर थाना पहुंची और दुष्कर्म की घटना को लेकर गांव के ही पिंटू कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए एक आवेदन दिया। थानाध्यक्ष अरविंद किशोर ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग का मेडिकल जांच कराने के बाद न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराया जाएगा।