बिहार-झारखंड बॉर्डर पर मुठभेड़ के बाद दो नक्सली गिरफ्तार, कोबरा बटालियन को मिली सफलता
बिहार-झारखंड बॉर्डर पर कोबरा बटालियन को बड़ी सफलता मिली है। बिहार के गया से सटे झारखंड के जंगली इलाके में कोबरा बटालियन से मुठभेड़ में दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।
पटना, जेएनएन। बिहार-झारखंड बॉर्डर पर कोबरा बटालियन को बड़ी सफलता मिली है। बिहार के गया से सटे झारखंड के जंगली इलाके में कोबरा बटालियन से मुठभेड़ में दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें दोनों प्रदेशों की पुलिस ने भी सहयोग किया है। मुठभेड़ गुबे और बेगं वातरी के जंगली इलाके में हुई। दोनों गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान झारखंड के चतरा निवासी छोटू गंझु और दुलेश्वर गंझु के रूप में हुई है। दोनों से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कमांडेट 205 कोबरा वाहिनी को सूचना मिली थी कि गुबे व बेगं के जंगली इलाकों में नक्सली आकर ठहरे हुए हैं और कहीं हमले की बड़ी साजिश है। इसके बाद कोबरा बटालियन के साथ गया के एसएसपी (बिहार) व चतरा के एसपी व एसपी (अभियान) के नेतृत्व में छापेमारी की। खुद को घिरे देख नक्सलियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने हिम्मत दिखाई और उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस के अनुसार चतरा के जंगली इलाकों में 12-15 की संख्या में नक्सली आकर ठहरे हुए थे। इसमें अरूण पासवान उर्फ गौतम (सैक सदस्य), इंदल भोक्ता, संतोष भारती, आलोक यादव, अमरजीत यादव, नीरू आदि प्रमुख थे। इस क्षेत्र में अपने नए सदस्यों की भर्ती, धन उगाही तथा पुलिस एवं सुरक्षा बलों के खिलाफ विध्वंसक हमला करने की नक्सलियों की साजिश थी।
पुलिस के अनुसार लगभग 20-25 मिनट तक नक्सलियों व पुलिस के बीच फायरिंग हुई। इसके बाद नक्सलियों की किलाबंदी ध्वस्त हो गई और उनमें दहशत फैल गयी। पुलिस को अपने ऊपर भारी पड़ते देख नक्सली घने जंगल, पहाड़ एवं झाड़ियों का फायदा उठा कर वहां से भाग निकले। लेकिन कोबरा बटालियन के जवान व पुलिस बल ने दो नक्सलियों को खदेड़ कर पकड़ा। मुठभेड़ वाली जगह के आस पास सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद वहां से एक रायफल, विस्फोटक फाेड़ने की मैकेनिज्म, खाने-पीने का सामान समेत कई आपत्तिजनक समान बरामद किए गए।