किशोर की हत्या कर शव रेल ट्रैक के पास फेंका
गया जंक्शन के कटारीहिल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की सुबह रेल पुलिस ने एक शव बरामद की।
गया। गया जंक्शन के कटारीहिल रेलवे ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की सुबह रेल पुलिस ने एक किशोर का शव बरामद किया।
रेल थानाध्यक्ष परशुराम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीगंज के रहने वाले असगर अली के 17 वर्षीय पुत्र अशरफ अली के रूप में की गई। घटनास्थल के पास रहने वाले स्थानीय लोगों ने चंदौती थाना एवं रेल पुलिस को सूचना दी थी।
रेल डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या उसके सिर पर पत्थर से मारकर हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। छानबीन के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के पिता ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
डीएसपी ने बताया कि अशरफ गुरुवार की शाम से ही घर से लापता था। शुक्रवार की सुबह परिजनों को ओवरब्रिज के नीचे शव पड़े होने की जानकारी मिली। परिजनों ने उसकी पहचान की।
----------------
चंदौती व रेल पुलिस उलझी
घटना की सूचना पर रेल थाना एवं चंदौती थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन दोनों थाने की पुलिस काफी देर तक सीमा को लेकर उलझी रही। इस दौरान युवक का शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। रेल थाने की पुलिस का कहना था कि शव रेलवे के क्षेत्र से बाहर पड़ा हुआ है। वहीं, चंदौती थाना की पुलिस शव छोड़कर घटनास्थल से चली गई। रेल डीएसपी सुनील कुमार ने खुद घटनास्थल पर जाकर मामले को देखा और शव उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने सिटी एसपी से चंदौती थाने की कार्यशैली की शिकायत की है। शव रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक से काफी दूर पड़ा हुआ था।