हद है भई, सफाई की ये कैसी जिम्मेदारी उठा रहे हैं आप, शहर का कचरा सड़क किनारे फेंक रहे हैं
भभुआ नगर परिषद की कार्यशैली से आमलोग नाराज है। नगर परिषद शहर से निकलने वाले कचरे को सड़क के किनारे फेंक दे रहा है। इससे निकलने वाले दुर्गंध से यहां आसपास रहने वाले लोगों का जीना मुुहाल हो गया है।
जेएनएन, भभुआ। जिला मुख्यालय भभुआ नगर में स्वच्छता की जिनकी जिम्मेदारी है वही गंदगी फैला रहे हैं। जी हां, नगर परिषद ही वातावरण को प्रदूषित कर रहा है। यकीन न हो तो खुद देख लीजिए। कहने को तो प्रतिदिन नगर में कूड़ा का उठाव कराया जाता है। लेकिन उसे सड़कों के किनारे ही फेंक दिया जाता है। इससे निकलने वाला दुर्गंध लोगों को परेशान करता है। बीमारी की आशंका भी बनी रहती है।
प्रतिदिन सड़क किनारे गिराया जाता दस ट्रॉली कचरा
भभुआ-चैनपुर पथ पर सुअरा नदी के किनारे प्रतिदिन 10 ट्रॉली कचरा गिराया जा रहा है। इससे वहां कूड़े का अंबार लग गया है। अधिक दिन तक कूड़ा रहने के चलते अब दुर्गंध निकलने लगा है। वहां मवेशियों का जमावड़ा रहता है। रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को नाक मुंह बंद कर ही गुजरना पड़ता है।
स्वच्छता सर्वे में काफी पीछे रह गया था नगर परिषद
बता दें कि पिछले साल स्वच्छता सर्वे में नगर परिषद काफी पीछे रह गया था। लेकिन उसके बाद भी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। पूर्व में गीले और सूखे कचरे को अलग कर जैविक खाद बनाने की योजना थी। शुरुआती दौर में इस कार्य के लिए सफाई कर्मियों को भी कचरा अलग-अलग करने के लिए लगाया गया था। लेकिन एक दो महीना के बाद यह योजना पूरी तरह ठप हो गई। आज स्थिति यह हो गई है कि भभुआ-भगवानपुर, भभुआ-चैनपुर व भभुआ-मोहनिया पथ पर नगर के बाहर कचरे को डंप कराया जा रहा है। जबकि कचरा निस्तारण के लिए पूर्व में पदाधिकारियों ने स्थान का चयन किया था। उसकी स्थलीय जांच भी की गई थी। लेकिन अब तक डंपिंग ग्राउंड पर कचरा नहीं फेंका जा रहा है। भभुआ नगर में प्रतिदिन 20 -25 ट्रॉली कचरा निकलता है। इतना अधिक कूड़ा तीन चार जगहों पर गिराने से उसके आसपास रहने वाले लोग भी नगर परिषद के इस कार्य पर नाराजगी प्रकट कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह कैसी सफाई है कि दूसरे जगह को गंदा किया जा रहा है।