तिरंगा लेकर गया के युवाओं ने शहर में लगाई दौड़, कहा-स्वस्थ रहने पर ही बना सकते हैं स्वस्थ समाज
अमृत महोत्सव पर युवाओं ने तिरंगा के साथ गया में लगाई दौड़। नेहरू युवा केंद्र की ओर से अभी तक 72 गांवों में आयोजित हो चुका है इस तरह का कार्यक्रम। लोगों को स्वस्थ रहने का दिया गया संदेश।
गया, जागरण संवाददाता। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में जिले के खिजरसराय प्रखंड के द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत कार्यक्रम हुआ। शुक्रवार को सहवाजपुर ग्राम के विद्यार्थियों के बीच फिट इंडिया 2.0 (Fit India 2.0) आयोजित हुआ। जिसमें विद्यार्थियों एवं अन्य युवाओं को फिट इंडिया कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए शपथ दिलाकर दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 50 की संख्या में युवा शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर युवाओ ने शहर में दौड़ लगाई। लोगों को संदेश दिया कि स्वस्थ रहने पर ही सफल हो सकते हैं।
तिरंगा पकड़ जोश में आए युवा
नेहरू युवा केंद्र खिजरसराय के युवा स्वयंसेवक रजनीकांत ने सभी को फिट इंडिया की शपथ दिलाई। गुरु गोलवलकर युवा क्लब सहवाजपुर के सचिव जुगल शर्मा, सदस्य स्वयंसेवक उज्ज्वल सिंह के द्वारा युवाओं की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह दौड़ अईमा के पास एकता परिषद से सहबाजपुर तक आयोजित हुआ। इस दौरान देश की शान तिरंगा ने युवाओं का जोश बढ़ाया। नेहरू युवा केंद्र की ओर से अभी तक अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में गया जिले के सभी प्रखंडों में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। रजनीकांत ने बताया कि अभी तक जिले के 72 गांव में युवाओं के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।इस मौके पर विकी कुमार , लवसन कुमार, हरेंद्र कुमार, गुंजन कुमार, रोहित कुमार, नीतीश कुमार ,विकाश कुमार, सूरज कुमार व अन्य युवा सम्मिलित हुए।
बता दें कि भारत सरकार आजादी के अमृत महोत्सव पर फिट इंडिया मूवमेंंट चला रही है। लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि फिट रहना सबसे ज्यादा जरूरी है। योगासन, दौड़ आदि से हम स्वस्थ रह सकते हैं। नियमित रूप से दौड़ लगाने से शारीरिक और मानसिक क्षमता बढ़ती है।