युवक की हत्या का मामला: अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने केशापी पहुंचकर ली घटना की जानकारी
केशापी गांव में चोर के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या की घटना की तपिश राज्य मुख्यालय तक पहुंच गई है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष ने शुक्रवार को पहुंचकर घटना की जानकारी ली। सिटी एसपी ने मामले का जायजा लिया।
संवाद सूत्र, डोभी (गया)। चोर बताकर मंदबुद्धि युवक दीपक पासवान की पीट-पीटकर हत्या के मामले की तपिश कम होती नहीं दिख रही। इसे सरकार ने भी गंभीरता से लिया है। इस क्रम में बिहार राज्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र पासवान शुक्रवार को केशापी गांव पहुंचे। उन्होंने 9 फरवरी को हुई घटना की जानकारी ली। सिटी एसपी राकेश कुमार ने भी पहुंचकर पूरी बारीकी से जानकारी हासिल की।
अारोपितों के गांव के पुरुष सदस्य घर छोड़कर फरार
इस मामले में मृतक के फूफा लेंबोगढ़ा निवासी शंकर पासवान ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आठ को नामजद किया था। बताया था कि गुरुआ के जगरनाथपुर निवासी दीपक पासवान उनके यहां ही रहता था। वह मंदबुद्धि था। नौ फरवरी की रात पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इधर घटना की प्राथमिकी के बाद आरोपित पक्ष के लोग फरार हैं। कई घरों के पुरुष घर से चले गए हैं। पूरे गांव में भय का माहौल है। गांव की महिलाओं ने कहा कि कुछ आपराधिक किस्म के लोगों ने चोर बताकर उसकी पिटाई की थी। लेकिन इसमें गांव के अधिकांश लोगों को फंसाने का कार्य किया जा रहा है। इस कांड में निर्दोष लोगों को भी फंसाया जा रहा है जो गांव में थे भी नहीं। घटना के बाद से गांव में पूरी तरह से सन्नाटा पसर गया है। घर की महिलाएं किसी भी गाड़ी के रुकने पर काफी सहमी दिख रही हैं। उनका कहना है कि इस मामले की बारीकी से जांच की जाए ताकि निर्दोष लोग नहीं फंसें। इधर आयोग के अध्यक्ष और सिटी एसपी के दौरे के बाद मामला और गर्म होता दिख रहा है। थानाध्यक्ष राहुल रंजन ने कहा कि सभी अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कांड में शामिल अन्य की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जिसे चोर बता हैवानों ने पीट-पीटकर मार डाला था, मंदबुद्धि था वह युवक, आठ में से तीन गिरफ्तार