विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Nitish Kumar: महागठबंधन में शामिल होंगे नीतीश? तेजस्वी ने दिया बड़ा बयान; मीसा का भी लिया नाम

Published: Thu, 16 Jan 2025 08:44 PM (IST)

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि किसानों को बीज और उर्वरक नहीं मिल रहा है छात्र पेपर लीक से ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार और मीसा भारती। फाइल फोटो PTI
तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार और मीसा भारती। फाइल फोटो PTI

HighLights

  1. दो-दो उपमुख्यमंत्री, लेकिन एक उपलब्धि सरकार के पास नहीं: तेजस्वी
  2. तेजस्वी बोले, पशुपति कुमार पारस से पुराना और पारिवारिक रिश्ता
  3. कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में शामिल होने गया पहुंचे नेता प्रतिपक्ष

जागरण संवाददाता, गया। बिहार में दो-दो उप मुख्यमंत्री हैं, पर एक उपलब्धि सरकार की नहीं है। प्रदेश भ्रष्टाचार की गंगोत्री बन गया है। यहां सभी वर्ग के लोग डबल इंजन की सरकार से परेशान हैं। किसान से लेकर नौजवान तक परेशान हैं। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम में शामिल होने से पहले गया परिसदन में गुरुवार को पत्रकारों से की।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहली बार पंचायत से लेकर जिलास्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ता दर्शन सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बिहार बेरोजगारी एवं गरीबी के मामले में अव्वल बनता जा रहा है। साथ ही महंगाई की मार से लोग परेशान हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, आज नीतीश कुमार की सरकार में किसानों को बीज और उर्वरक नहीं मिल रहा है। पेपर लीक से छात्र परेशान हैं। हमारी सरकार में पटना के गांधी मैदान में छात्रों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। अब नीतीश कुमार की सरकार में वहां छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। मौजूदा सरकार से लोग परेशान हैं।

तेजस्वी ने आगे कहा, 17 महीने के कार्यकाल में युवाओं के चेहरे पर खुशी और उम्मीद दिखने लगी थी। पहली बार जातीय गणना हुई, आरक्षण की सीमा बढ़ाई गई। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा में सरकारी राशि का उपयोग किया जा रहा है। यात्रा में दो अरब 25 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च किया जा रहा है।

पशुपति पारस पर तेजस्वी का बड़ा बयान

तेजस्वी यादव ने पशुपति पारस (Pashupati Paras) को लेकर प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी ने कहा कि पशुपति कुमार पारस से पुराना और पारिवारिक रिश्ता है। बता दें कि मकर संक्रांति पर लालू यादव (Lalu Yadav) अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) के साथ पारस के आवास पर गए थे और दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए थे।

इस दौरान जब पूछा गया कि क्या पशुपति पारस महागठबंधन में शामिल होंगे, तो लालू ने सीधा जवाब दिया- हां। वहीं, पशुपति पारस ने कहा कि लालू यादव हमारे अभिभावक हैं।

पटना में मरीन ड्राइव के किनारे लगे जन सुराज के कैंप पर तेजस्वी यादव ने कहा कि सबको अधिकार है। प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि पीछे महात्मा गांधी की फोटो लगाकर शराबबंदी खत्म करने की बात करते हैं।

क्या सीएम नीतीश महागठबंधन में आएंगे?

  • सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के महागठबंधन में आने पर पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि अब सीधा चुनाव होगा। मीसा भारती जो बोल रही हैं वह पारिवारिक दृष्टिकोण से कह रही हैं।
  • बता दें कि मीसा भारती ने एक दिन पहले कहा था कि नीतीश कुमार और लालू यादव पुराने मित्र हैं।
  • तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग नीतीश कुमार से थक चुके हैं। उनकी प्रगति यात्रा नहीं दुर्गति यात्रा है।
  • उन्होंने यह भी कहा कि डीके बास ही असली सीएम हैं। डीके बास पर पुख्ता साक्ष्य हैं। कैसे वसूली हो रही है, डीके टैक्स कैसे वसूल रहे हैं, इसका राजफाश बहुत जल्द किया जाएगा।

मौके पर जहानाबाद के सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद, औरंगाबाद के सांसद अजय कुशवाहा, जिलाध्यक्ष मुर्शीद आलम उर्फ नेजाम आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: इस एक MLA ने RJD के साथ कर दिया 'खेला', कई कद्दावर नेता JDU में शामिल; देखें लिस्ट

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: बिहार में चुनाव से पहले मांझी ने बढ़ाई NDA की टेंशन, रख दी इतनी सीटों की डिमांड