खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने मनवाया लोहा
खेल शब्द ही मन में एक उर्जा और उत्साह भर देता है। इसी ऊर्जा के साथ सोमवार को खेल का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, गया : खेल शब्द ही मन में एक उर्जा और उत्साह भर देता है। इसी ऊर्जा के साथ सोमवार को केंद्रीय विद्यालय वन में वार्षिक खेल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सहायक समाहर्ता सह दंडाधिकारी योगेश सागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। प्राचार्य अंजनी कुमार ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ, बैच और टोपी भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित प्रत्येक व्यक्तियों, अभिभावकों का भी अभिनंदन किया। केंद्रीय विद्यालय की परंपरा, आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं व विद्यार्थियों की संभावनाओं से सभी को अवगत कराया। उसके बाद ध्वजारोहण किया गया व मार्चपास्ट की प्रस्तुति की गई। जिसमें विद्यार्थियों ने कदम से कदम मिलाकर अपनी ऊर्जा का परिचय दिया। समारोह के दौरान सास्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की गई, जिसमें भारत की सतरंगी संस्कृति दिखी। इसमें राजस्थानी, पंजाबी, बिहु, संथाली व गोवा नृत्य शामिल थे। स्वास्थ्य के लिए योग की सार्थकता को छात्राओं ने अपने योगाभ्यास प्रदर्शन कर अभिव्यक्त किया।
मुख्य अतिथि योगेश सागर ने विद्यार्थियों को खेल के लाभ व उसकी आवश्यकता व व्यक्तित्व के सर्वागीण विकास की बात कही। विद्यार्थियों के उत्साह की प्रशसा की। इसके बाद रेस, चम्मच रेस, सौ मीटर दौड़, रिले रेस, बैलून फ ाइटिंग समेत अन्य प्रतियोगिताओं में बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उसके बाद पुरस्कार वितरण किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि ने वर्षभर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। स्वर्ण, रजत और कास्य पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के कप्तान नीतीश कुमार पाठक और शाम्भवी समदर्शी को भी उनके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर दिनेश कुमार, विवेकानंद, डॉ. नूपुर तिवारी, आर बानो एवं ब्रजेश कुमार सिंह समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।