दिल्ली के लिए अब शेखपुरा से भी मिलेगी स्पेशल ट्रेन, नवादा के यात्रियों को गया आने की जरूरत नहीं
गया-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन का विस्तार अब शेखपुरा तक कर दिया गया है, जिससे शेखपुरा, नवादा और आसपास के ...और पढ़ें

शेखपुरा से चलेगी आनंद विहार की ट्रेन। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, गयाजी। दिल्ली जाने के लिए अब शेखपुरा और नवादा के यात्रियों को गया जंक्शन तक आने की मजबूरी नहीं होगी।
गया-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन का विस्तार शेखपुरा तक कर दिया गया है। इससे शेखपुरा, वारिसलीगंज, नवादा और तिलैया सहित आसपास के छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को दिल्ली के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
त्योहारों के दौरान घर लौटने और वापस काम पर जाने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था काफी सुविधाजनक होगी। विस्तारित रूट पर ट्रेन का परिचालन एक नवंबर से शुरू होगा।
एक नवंबर से शेखपुरा से रवाना होगी ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 02397 शेखपुरा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल एक नवंबर 2026 से शेखपुरा से रवाना होगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 02398 आनंद विहार टर्मिनल-शेखपुरा स्पेशल दो नवंबर से आनंद विहार टर्मिनल से शेखपुरा के लिए चलेगी।
इस बदलाव के बाद ट्रेन का मार्ग शेखपुरा से वारिसलीगंज, नवादा और तिलैया होते हुए गया तक होगा। गया से आगे ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग से आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
शेखपुरा से सुबह 11:30 बजे खुलेगी ट्रेन
विस्तारित खंड में गाड़ी संख्या 02397 के शेखपुरा से प्रस्थान का समय सुबह 11:30 बजे निर्धारित किया गया है। वापसी में गाड़ी संख्या 02398 दोपहर 2:45 बजे शेखपुरा पहुंचेगी।
गया से आनंद विहार टर्मिनल के बीच ट्रेन की पूर्व निर्धारित समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी गया जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तरह निर्धारित समय पर ही ट्रेन मिलेगी।
छोटे स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगी राहत
अब तक दिल्ली जाने के लिए शेखपुरा और नवादा क्षेत्र के कई यात्रियों को गया या अन्य बड़े स्टेशनों तक पहुंचना पड़ता था। ट्रेन के विस्तार से उन्हें अपने नजदीकी स्टेशन से ही लंबी दूरी की यात्रा शुरू करने का विकल्प मिलेगा।
इससे स्टेशन तक पहुंचने में लगने वाला अतिरिक्त समय और स्थानीय परिवहन पर निर्भरता भी कम होगी। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का विस्तार किया गया है। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यह बेहतर विकल्प होगा। रूट में पड़ने वाले छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को भी इससे आरामदायक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।
विश्वनाथ, डीडीयू मंडल के पीआरओ