Bihar Crime: वह छोड़ देने की लगाती रही गुहार लेकिन हैवानों को नहीं आई दया, करते रहे शर्मनाक काम
गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की छात्रा और उसके साथी के साथ छेड़खानी और मारपीट कर वीडियो वायरल करने की घटना से सनसनी फैल गई है। एसएसपी आदित्य कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया है। तीन आरापितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की स्कूली छात्रा व उसके दोस्त के साथ छेड़खानी और मारपीट कर वीडियो वायरल किए जाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। बहरहाल एसएसपी आदित्य कुमार के निर्देश में फतेहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस बीच पुलिस ने इसी थाना क्षेत्र से चार में से तीन अारोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
मारपीट व छेड़खानी का बनाया वीडियो
बताया जाता है कि फतेहपुर थाना क्षेत्र की स्कूली छात्रा अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए गोरदाहा के जंगल गई थी। इसी दौरान गोरदाहा और कुर्मी बथान गांव के युवकों ने दोनों को पकड़ लिया। उनलोगों ने छात्रा और उसके दोस्त के साथ मारपीट की। छात्रा के साथ छेड़खानी भी की और इसका वीडियो बना लिया। लड़की बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाती रही। लेकिन लड़के हैवान बने उसके साथ बदसलूकी करते रहे। लड़की बिलखती रही लेकिन उन्हें तनिक भी दया नहीं आई। और तो और दुस्साहस ऐसा कि घटना के बाद युवकों ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर उसे वायरल भी कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया।
एसएसपी ने थानेदार को दी जल्द कार्रवाई की चेतावनी
वीडियो वायरल होने के बाद सनसनी फैल गई। एसएसपी आदित्य कुमार ने संज्ञान लेते हुए फतेहपुर थाना प्रभारी संजय कुमार को घटना में शामिल युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ नामजद केस दर्ज करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान वीडियो 20 फरवरी का पाया गया है। लड़की अपने दोस्त के साथ गोरदाहा जंगल में घूम रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना में शामिल युवकों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।