पटना निवासी पत्नी को तलाक दिए बिना की दूसरी शादी, करने लगा प्रताड़ित, औरंगाबाद में गिरफ्तार
पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में औरंगाबाद नगर थाने की पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसपर पटना के दो थाानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
औरंगाबाद, जागरण संवाददाता। पटना जिले के दो थानों में आपराधिक मामलों के आरोपित ने अपनी पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरा निकाह कर लिया। पुलिस ने इसको लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित औरंगाबाद नगर थाने के नावाडीह मोहल्ले का मो आरिफ उर्फ प्रिंस है। पत्नी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दूसरी शादी करने की प्राथमिकी कराई थी। गौरतलब है कि पटना के दो थानों में आरिफ पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पटना सिटी की महिला ने की थी शिकायत
नगर थाने के दारोगा गुफरान अली ने बताया कि प्रिंस की खोज पुलिस दहेज प्रताड़ना मामले में कर रही थी। गिरफ्तार मो. आरिफ को कोरोना जांच के बाद जेल भेज दिया गया है। दारोगा ने बताया कि आरिफ ने पहली पत्नी निशात परवीन के रहते दूसरी शादी कर ली थी। दूसरी शादी करने के बाद पहली पत्नी के साथ मारपीट करता था। पटना सिटी निवासी निशात ने 04 अप्रैल 2021 को आरिफ के खिलाफ नगर थाना प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि दहेज के लिए पति मारपीट करते हैं। इतना हीं नहीं मुझे तलाक दिए बगैर दूसरी शादी कर ली। दूसरी शादी का मैंने विरोध किया तो इसको लेकर भी मारपीट की।
पटना के दो थानों में दर्ज हैं मामले
दारोगा ने बताया कि आरिफ का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पटना के श्रीकृष्णापुरी एवं पीरबहोर थाना में प्राथमिकी दर्ज है। दोनों मामले में उसे जमानत मिली है या नहीं इसका पता लगाया जा रहा है। पटना पुलिस से संपर्क किया गया है। विस्तृत जानकारी मिलते हीं आगे की कार्रवाई की जाएगी। मो. आरिफ के खिलाफ और कितने मामले दर्ज हैं इसकी जानकारी विभिन्न थानों की पुलिस से ली जा रही है। सूत्राें से मिली जानकारी के अनुसार आरिफ कई मामलों में वांछित है। उसकी गिरफ्तारी से अब पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।