Sasaram Weather Forecast: बारिश से मिली राहत, उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई आफत,डॉक्टरों ने ये सावधानी बरतने की दी सलाह
लगातार बारिश के चलते जलजमाव व गंदगी से परेशान लोगों को अब उमस भरी गर्मी ने परेशान कर दिया है। जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अगले 24 घंटे तक मौसम यथावत रहने की संभावना है। डॉक्टरों ने बचाव को दिए ये सुझाव
रोहतास (सासाराम), जागरण संवाददाता। गत कई दिनों से हो रही बारिश के चलते जलजमाव व गंदगी से परेशान लोगों को अब उमस भरी गर्मी ने परेशान कर दिया है। बारिश खुलने से राहत महसूस कर रहे लोग गत तीन-चार दिन से पड़ रही भीषण गर्मी व उमस के चलते जागकर रात बिताने को मजबूर हैं। उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार को कुछ देर के लिए निकली तेज धूप ने आम लोगो का जीना मुहाल कर दिया। इस दौरान पूरे दिन भीषण गर्मी के चलते आम लोग परेशान व बेहाल दिखे। ऐसे में वायरल बीमारियों के पांव पसारने का खतरा भी बढ़ गया है।
पारा में आया उछाल :
गत एक सप्ताह से लगातार अधिकतम पारा में उछाल जारी है। जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे से ही धूप में अधिक तीखापन देखा गया एवं दोपहर तक भीषण गर्मी के चलते लोग परेशान दिखे। बाजारों में आए लोग भी कड़ी धूप होने के चलते कहीं छांव में बैठकर दिन व्यतीत कर रहे थे। कृषि वैज्ञानिक डा. रतन कुमार ने बताया कि अगले 24 घंटे तक मौसम की स्थिति यथावत रहने की संभावना है। उधर गर्मी बढऩे के बाद शीतल पेय पदार्थों की बिक्री बढ़ गई।
घरों में बैठे लोग भी रहे बेचैन :
घरों में बैठे लोग भी उमस भरी गर्मी से काफी परेशान रहे। लोगों को न घर के अंदर न घर के बाहर कहीं भी चैन नही था। पंखे व कूलर की हवा से भी राहत नहीं मिल रही है। पूरी रात लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार बिजली आने-जाने से भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है। पिछले हफ्ते हुई बरसात से मौसम सुहाना रहा, लेकिन अचानक दो दिनों से मौसम में काफी बदलाव हो गया है।
कहते हैं चिकित्सक :
सदर अस्पताल, सासाराम के डॉ केएन तिवारी ने बताया कि इस समय गर्मी अधिक पड़ रही है। इससे बचने की जरूरत है। उमस भरी गर्मी में कमजोरी, चक्कर आना, सांस फुलना, जुकाम होने जैसी बीमारियां हो सकती हैं, जो बच्चों व बुजुर्ग के लिए खतरनाक होती है। ऐसे मौसम में स्वस्थ रहने के लिए नमक व चीनी का घोल, बेल का शर्बत आदि का अधिक इस्तेमाल करना चाहिए। गर्मी की वजह से शरीर से पसीना अधिक निकलता है, जिससे शरीर में सोडियम की कमी होती है। इसके चलते चक्कर व कमजोरी की शिकायत हो सकती है।
बचाव के उपाय
- यदि फिल्टर पानी उपलब्ध न हो तो पानी को उबालकर पिएं
- ढीले व सूती कपड़े पहने
- तली व भूनी चीज का अधिक सेवन न करें।