Move to Jagran APP

गया में दत्तात्रेय होसबाले बोले- भारत को तोड़ने वाले लोग जोड़ने का कर रहे दावा, लालू यादव को भी दी नसीहत

Gaya News आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को गया में इशारों में राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत तोड़ने वाले लोग जोड़ने का दावा करते हुए निकले हैं। उन्होंने लालू यादव को परोक्ष रूप से नसीहत दी।

By Jagran NewsEdited By: Rahul KumarPublished: Fri, 30 Sep 2022 09:47 PM (IST)Updated: Fri, 30 Sep 2022 09:47 PM (IST)
आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, राहुल गांधी और लालू यादव। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने शुक्रवार को कहा कि जिसने भारत को तोड़ा, वे देश को दिग्भ्रमित करने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा राष्ट्र के लिए विडंबना है। यह बात समाज को समझने की आवयकता है। इस तरह के लोगों से राष्ट्र को बचाएं। भारत को विकसित कर सुख-समृद्धि लाने के लिए समाज के हर वर्ग को योगदान देना होगा। 

loksabha election banner

भारत जोड़ो यात्रा पर साधा निशाना

बिहार में गया के गांधी मैदान में संघ के श्रीविजयादशमी उत्सव को संबोधित करने के दौरान होसबाले ने कांग्रेस का नाम लिए बिना भारत जोड़ो यात्रा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भारत सक्षम और शक्तिशाली बने, यह कुछ दलों को अच्छा नहीं लगता है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। 

लालू को भी परोक्ष तौर पर नसीहत

इससे पहले उन्होंने गया के बैरागी मोहल्ले में स्थानीय स्तर पर संघ के नए कार्यालय भवन के लिए भूमि पूजन किया। वहां कहा कि अज्ञानता के कारण कुछ लोग संघ का विरोध कर रहे हैं। संघ के स्वयंसेवक कभी वैसे लोगों का विरोध नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें संघ के उद्देश्य और समाज हित के कार्यों से तब तक अवगत कराते रहेंगे, जब तक उनकी अज्ञानता व स्वार्थ खत्म न हो जाए। माना गया कि होसबाले की यह प्रतिक्रिया राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के लिए थी, जिन्होंने पिछले दिनों पीएफआइ के साथ संघ पर भी प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। 

स्वयंसेवक राष्ट्र की सेवा में लगे हैं

सरकार्यवाह ने श्रीविजयादशमी उत्सव का शुभारंभ भारत माता व संघ के संस्थापक डा. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने शस्त्र पूजा भी की। इस अवसर पर पूर्ण गणवेश में रहे स्वयंसेवकों ने पथ संचलन भी निकाला। सरकार्यवाह ने कहा कि ईश्वर की प्रत्येक कृति में उसका अंश है। हम सभी बंधु हैं, कोई अछूत नहीं। स्वयंसेवक संस्कार, सेवा, समर्पण और त्याग के भाव से निरंतर राष्ट्र की सेवा में लगे हैं। राष्ट्र पर जब भी संकट आया है, संघ के स्वयंसेवकों ने अगली पंक्ति में खड़े होकर समाज के प्रति अपने धर्म-कर्म का निर्वहन किया है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.