गया जंक्शन पर RPF का 'ऑपरेशन सतर्क', 14 किलो चांदी के आभूषणों के साथ बंगाल का युवक हिरासत में
गया जंक्शन पर आरपीएफ ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी जब्त की है। इस ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित
HighLights
गया जंक्शन पर आरपीएफ ने चांदी जब्त की।
14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए।
पश्चिम बंगाल का एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी बरामद की है। इसकी अनुमानित कीमत 36 लाख 34 हजार 575 रुपये बताई गई है।
मामले में पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। बरामद चांदी के परिवहन और उसके स्वामित्व से संबंधित वैध दस्तावेज वह मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। आरपीएफ ने चांदी जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, पटना को सूचना दी है।
14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी मिली
आरपीएफ की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में गया पोस्ट के अधिकारी और जवान स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली छोर की ओर स्थित फुट ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति भारी पीठू बैग लेकर प्लेटफार्म संख्या छह और सात की ओर जाता दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने अपना नाम जमशेद अली मलिक (36), पिता उल्फात मलिक, निवासी उदयचक, थाना दासपुर, जिला पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल बताया। बैग की जांच के दौरान उसमें 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी मिली।
संबंधित सामान के संबंध में वैध प्रमाण नहीं मिलने पर आरपीएफ ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए चांदी जब्त कर ली और व्यक्ति को हिरासत में लिया।
आयकर विभाग कर रहा आगे की कार्रवाई
आरपीएफ ने मामले की सूचना आयकर विभाग, पटना को दी है। विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 36,34,575 रुपये है।
कार्रवाई के दौरान आरपीएफ गया के उपनिरीक्षक इन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षी सचिन्द्र कुमार, आरक्षी अमित कुमार, शशि शेखर और मुकेश कुमार के साथ सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार चौधरी तथा सीपीडीएस गया के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार शामिल थे।
यह भी पढ़ें- गया: गुरुआ में चोरों के डर से रात भर जागकर पहरा दे रहे ग्रामीण, गाड़ियों को रोककर आधार कार्ड से हो रही पहचान
