RJD ने JDU पर फिर बोला हमला, कहा- लाठी और डंडे की बदौलत चल रही नौजवान विरोधी नीतीश सरकार
बिहार में लाठी-डंडे की बदौलत सरकार चल रही है। सदन से सड़क तक लोगों को पीटा जा रहा है। रोजगार की जगह नौजवानों को मार मिल रही है। ऐसे में युवाओं को अपने भविष्य के लिए एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करना चाहिए।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑनसोन (सासाराम)। बिहार में लाठी-डंडे की बदौलत सरकार चल रही है। सदन से सड़क तक लोगों को पीटा जा रहा है। रोजगार की जगह नौजवानों को मार मिल रही है। ऐसे में युवाओं को अपने भविष्य के लिए एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन करना चाहिए और तानाशाह सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। ये बातें गुरुवार को युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहेब ने तब कहीं, जब वे शहर के न्यू डिलिया मोहल्ले में घायल प्रदेश प्रवक्ता अशोक भारद्वाज का हाल पूछने आए थे। अशोक पटना में आंदोलन के समय पुलिस की पिटाई से घायल हो गए थे। अब भी उनका इलाज चल रहा है। वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाए हैं।
मुलाकात के दौरान कारी सोहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान 19 लाख युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, लेकिन कुर्सी मिलने के बाद उन्होंने 19 बेरोजगारों को भी नौकरी नहीं दी। जब युवाओं ने रोजगार मांगने के लिए पटना में प्रदर्शन किया तो पुलिस ने उनकी पिटाई कराई गई। इसमें बिहार के सैकड़ों नाैजवान चोटिल हुए। इसी में अशोक भारद्वाज भी घायल हुए थे। उन्हें लहूलुहाल हालात में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिसिया दमन के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ है। आग अब भी सुलग रही हैं। लपटें जब निकलेंगी तो तानाशाह सरकार भष्म हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा और जदयू की डबल इंजन सरकार किसान व छात्र विरोधी है। किसानों को उनकी उपज का मूल्य मिल रहा है और छात्रों को बेहतर शिक्षा नसीब नहीं हो रही। राज्य सरकार शिक्षा को चौपट करने में लगी हुई है। उद्योग-धंधे नाम की कोई चीज नहीं है। जो भी उद्योग पहले से चल रहे थे, वह धीरे-धीरे बंद हो रहे हैं। वहां कार्य करने वाले लोग बेकार हो रहे हैं।
प्रदेश प्रवक्ता अशोक भारद्वाज ने कहा कि बिहार के युवा सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर चुके हैं और जहां युवा सड़क पर उतरते हैं वहां की सरकार सत्ता से बेदखल हो जाती है। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सत्ता में बने नहीं रह सकते हैं, क्योंकि युवा वर्ग उनको सत्ता से खींच कर नीचे उतारने के लिए तैयार है। मौके पर अकबर चौधरी, जमा खान, ई राहुल यादव, जितेन्द्र नटराज, विमल सिंह, तौकीर मंसूरी, दीपक यादव, सम्राट सोनू, रिंकू खान, सोनू यादव, संजय यादव, युवा राजद के प्रदेश सचिव मुकेश यादव, प्रेम प्रकाश पासवान, प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र कुशवाहा आदि उपस्थित थे।