पितृपक्ष मेला का समापन आज, गया रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को लेकर 48 घंटे का विशेष अलर्ट
पितृपक्ष मेला के समापन पर गया रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों की भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष अलर्ट जारी ...और पढ़ें

पितृपक्ष मेला का समापन आज
HighLights
पितृपक्ष मेला समापन पर गया स्टेशन पर भीड़।
डीएम-एसएसपी ने सुरक्षा-व्यवस्था का लिया जायजा।
अगले 48 घंटे तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला का शनिवार को समापना होना है। अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा एवं धार्मिक आस्था के साथ बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों का गयाजी आगमन लगातार जारी है। गया जी के विभिन्न वेदियों एवं घाटों पर अपने पितरों का तर्पण एवं पिंडदान करने के बाद अब पिंडदानी लौटने लेगे हैं।
इसी क्रम में पितृपक्ष मेला के 14वें दिन शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने विष्णुपद मंदिर क्षेत्र पहुंचकर श्रद्धालुओं की लंबी कतार का जायजा लिया।
पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कतार को व्यवस्थित कराने में सक्रिय भूमिका निभाई, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक मंदिर में दर्शन करने तथा घाटों तक पहुंचकर पिंडदान एवं तर्पण करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
जिला पदाधिकारी विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे, जहां उन्होंने तीर्थयात्रियों से सीधे संवाद कर मेला के दौरान उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
गया रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
पिंडदान के उपरांत बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के रेल मार्ग से अपने गंतव्य की ओर लौटने को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने गया रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर एवं प्लेटफार्मों का निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने स्टेशन पर यात्रियों की भीड़, आवागमन की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने रेलवे के अधिकारियों एवं रेलवे पुलिस के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेनों के परिचालन एवं उनके आगमन-प्रस्थान से संबंधित घोषणाएं लगातार एवं स्पष्ट रूप से कराई जाएं।
इससे यात्रियों को अपनी ट्रेन की जानकारी समय पर मिल सकेगी। प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ जमा होने की स्थिति से बचा जा सकेगा।
भीड़ का उचित प्रबंधन किया जाए
उन्होंने प्लेटफार्मों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि रेलवे एवं रेलवे पुलिस के पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाएं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
स्टेशन परिसर में भीड़ का उचित प्रबंधन किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि तीर्थयात्रियों को स्टेशन में प्रवेश करने, प्लेटफार्म तक पहुंचने, ट्रेन पकड़ने एवं अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
अगले 48 घंटे तक विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं। पिंडदान एवं तर्पण की धार्मिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इनमें से अधिकांश तीर्थयात्री रेल मार्ग से अपने घर लौटते हैं। ऐसे में गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही एवं भीड़ का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।
प्रशासन एवं रेलवे की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक तीर्थयात्री की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक हो। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले 48 घंटे तक विशेष सतर्कता एवं पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करें।
यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखने, ट्रेनों से संबंधित सूचनाओं का नियमित प्रसारण करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने तथा पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- गयाजी एयरपोर्ट से हवाई सफर हुआ महंगा, दिल्ली का किराया 15000 के पार
