पिता रेलवे कर्मचारी, बड़ा बेटा बैंक मैनेजर तो बेटी SBI में अधिकारी; अब छोटा बेटा बना BPSC Revenue Officer
गया के सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी अजय कुमार गुप्ता के तीनों बच्चों ने सरकारी सेवाओं में सफलता पाई है। सबसे छोटे ...और पढ़ें

तीनों भाई-बहनों ने बनाई अलग पहचान (फाइल फोटो)
HighLights
छोटा बेटा कुमार अमन 70वीं बीपीएससी से राजस्व अधिकारी बने।
बड़ा बेटा बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर है।
बेटी गुजरात में एसबीआई जूनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत है।
जागरण संवाददाता, गया। मेहनत, अनुशासन और पारिवारिक सहयोग की मिसाल बने गया के शहमीर तकिया निवासी अजय कुमार गुप्ता का परिवार इन दिनों चर्चा में है। रेलवे मेल सर्विस से सेवानिवृत्त अजय कुमार गुप्ता के तीनों बच्चों ने सरकारी क्षेत्र में शानदार सफलता हासिल की है।
सबसे छोटे बेटे कुमार अमन ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा पास कर राजस्व अधिकारी का पद हासिल किया है।
तीनों भाई-बहनों ने बनाई अलग पहचान
अजय कुमार गुप्ता के बड़े बेटे कुमार अभिषेक गया जिले के वजीरगंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर हैं।
वहीं उनकी बेटी गुजरात में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में जूनियर एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। अब छोटे बेटे कुमार अमन के बीपीएससी में सफल होने से परिवार की खुशी दोगुनी हो गई है।
IIT रुड़की से इंजीनियरिंग, अब बने राजस्व अधिकारी
कुमार अमन ने गया से स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद कोटा में इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी की। पहले ही प्रयास में उनका चयन आईआईटी रुड़की में हो गया।
इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने निजी क्षेत्र में नौकरी की और फिर वर्तमान में कोलकाता एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। नौकरी के साथ तैयारी जारी रखते हुए उन्होंने बीपीएससी परीक्षा भी पास कर ली।
ड्यूटी के बाद रोज 2-3 घंटे करते थे पढ़ाई
कुमार अमन बताते हैं कि नौकरी के साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर की जिम्मेदारियों के बावजूद वे रोज ड्यूटी के बाद दो से तीन घंटे नियमित पढ़ाई करते थे।
उन्होंने सीमित समय का सही उपयोग कर बीपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की।
तीनों भाई-बहन मिलकर करते थे पढ़ाई
बड़े भाई कुमार अभिषेक के अनुसार बचपन से ही तीनों भाई-बहन पढ़ाई में एक-दूसरे की मदद करते थे। किसी विषय में परेशानी होने पर मिलकर उसका समाधान निकालते थे।
यही टीमवर्क और अनुशासन आज तीनों को अलग-अलग सरकारी सेवाओं तक लेकर पहुंचा है।
माता-पिता की मेहनत लाई रंग
अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों बेटों की पढ़ाई क्रेन मेमोरियल स्कूल, गया से जबकि बेटी ने डीएवी कैंट एरिया स्कूल से शिक्षा प्राप्त की।
उनकी पत्नी अनीता गुप्ता ने बच्चों की पढ़ाई और परवरिश की पूरी जिम्मेदारी संभाली। आज तीनों बच्चों की सफलता को परिवार अपनी वर्षों की मेहनत और संस्कारों का परिणाम मान रहा है।
यह भी पढ़ें- मां को खोने का दर्द, चाचा की प्रेरणा और बचपन का सपना; असिस्टेंट प्रोफेसर से SDM बनीं हिमाली
यह भी पढ़ें- साधारण परिवार, दादा की सीख और बीएचयू से दिल्ली तक का सफर; चंचल बने राजस्व अधिकारी
