कैमूर में आठ सौ महिलाओं की प्रसव पूर्व हुई स्वास्थ्य की जांच, बांटी विटामिन व आयरन की गोली
वैसे भी रामगढ़ का राममनोहर लोहिया रेफरल अस्पताल अपनी सुदृढ़ व्यवस्था को लेकर राज्य में अपनी पहचान स्थापित किया था। लेकिन कोरोना काल में व्यवस्था में बदलाव कर लोगों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने में भी यह अस्पताल कोई कोर कसर नहीं छोड़ा।
संवाद सूत्र, रामगढ़ (कैमूर): वैसे भी रामगढ़ का राममनोहर लोहिया रेफरल अस्पताल अपनी सुदृढ़ व्यवस्था को लेकर राज्य में अपनी पहचान स्थापित किया था। लेकिन कोरोना काल में व्यवस्था में बदलाव कर लोगों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने में भी यह अस्पताल कोई कोर कसर नहीं छोड़ा। जिसके चलते इस अस्पताल में दूरदराज से मरीज आकर स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ लेते रहे हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत अस्पताल में पहुंची महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कराई गई।
प्रसव पूर्व महिलाओं को इस दिन सभी तरह की ब्लड जांच व स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था होती है। इसी सिलसिले में मरीजों की भीड़ अस्पताल में बढ़ गई। जिसको लेकर चार अलग अलग काउंटर बनाए गए थे। इस कैंप से पहले अस्पताल की साफ सफाई के साथ सैनिटाइज किया गया। किसी काउंटर पर ब्लड प्रेशर सुगर तो किसी पर हिमियोग्लोबिन की जांच हो रही थी। दवा के लिए भी दो काउंटर बनाए गए थे। महिला मरीजों को कतार में लगाकर उन्हें व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आठ सौ प्रसव वाली महिलाओं के अलावा कुल 11 सौ मरीजों का अस्पताल में रजिस्ट्रेशन हुआ। उन्होंने बताया कि व्यवस्था में अस्पताल के अन्य चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों व सुरक्षा गार्ड के लोगों ने भी भरपूर सहयोग किया।