बिहार-झारखंड के बीच सफर होगा आसान, 552 करोड़ से बने सिक्सलेन एनएच-19 का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार-झारखंड सीमा पर बने 40 किमी लंबे सिक्सलेन एनएच-19 का लोकार्पण करेंगे।

एनएच 19 पर फर्राटा भरेंगी गाड़ियां। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे सिक्सलेन एनएच-19 का वर्चुअल लोकार्पण।
40 किमी सड़क पर 552 करोड़ रुपये हुए खर्च।
गया में आवागमन सुगम, बिहार-झारखंड संपर्क बेहतर।
संवाद सूत्र, बोधगया। गया जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के सिक्सलेन खंड का लोकार्पण शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।
वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शेरघाटी से बिहार-झारखंड सीमा स्थित चोरदाहा तक नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन करेंगे।
इसके लिए बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम स्थल तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, एनएचएआई के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और आम लोग शामिल होंगे।
एनएचएआई की ओर से परिसर में करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल हैंगर और पंडाल बनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के संबोधन और लोकार्पण कार्यक्रम के प्रसारण के लिए इंटरनेट, वीडियो कांफ्रेंसिंग उपकरण और अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

(मगध विश्वविद्यालय स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते एडीएम परितोष कुमार व एनएचएआई के अधिकारी। जागरण)
सुरक्षा से लेकर यातायात तक की तैयारी
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। यातायात नियंत्रण और पार्किंग के साथ अग्निशमन, पेयजल, शौचालय, बिजली और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
कार्यक्रम स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को गया के एडीएम राजस्व पारितोष कुमार ने मगध विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर देवेंद्र कुमार बंसल, मैनेजर राजन कुमार शर्मा, टीम लीडर संजय कुमार, बीआरसी के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद सिंह और एडमिनिस्ट्रेशन मैनेजर राजकुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
552 करोड़ की लागत से तैयार हुई 40 किमी सड़क
एनएचएआई के राजन कुमार के अनुसार, शेरघाटी से चोरदाहा सीमा तक करीब 40 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन एनएच-19 का निर्माण पूरा हो चुका है।
इस परियोजना पर लगभग 552 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। बीआरसी कंस्ट्रक्शन इंडिया लिमिटेड ने तीन वर्षों में निर्माण कार्य पूरा किया है। लोकार्पण के लिए शिलापट भी तैयार किया जा रहा है।
इस सड़क के चालू होने से गया जिले में आवागमन को गति मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात का दबाव कम करने और बिहार से झारखंड के बीच सड़क संपर्क को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, विधायक मनोरमा देवी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री वैशाली से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।