मोक्ष की कामना, पितरों का स्मरण और पुत्रों की श्रद्धा; गयाजी में पिंडदान के लिए पहुंचे 8 लाख से अधिक श्रद्धालु
मोक्षधाम गया जी में पितृपक्ष मेला अपने चरम की ओर बढ़ रहा है, जहाँ देश के विभिन्न राज्यों से लाखों ...और पढ़ें
HighLights
पितृपक्ष मेला गया जी में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
लाखों श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के लिए विभिन्न वेदियों पर पहुंचे।
प्रशासन ने 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा किया।
कमल नयन, गया जी। मोक्षधाम गया जी में पितृपक्ष मेला धीरे-धीरे अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। एक पखवाड़े तक चलने वाले इस मेले के चौथे दिन मंगलवार को देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं की भीड़ पिंडवेदियों पर बढ़ गई।
श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के साथ विभिन्न वेदियों पर तर्पण, पिंडदान और कर्मकांड कर रहे हैं।
बोधगया स्थित मतंग बापी, धर्मारण्य और सरस्वती वेदी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। खुले मैदान में बड़ी संख्या में लोगों ने पिंडदान और तर्पण किया।
इन प्रमुख पिंडवेदियों के अलावा देवघाट पर तर्पण और विष्णुपद मंदिर में पिंडदान के लिए भी श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।
देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु
पितृपक्ष के दौरान गया जी में देश के अलग-अलग प्रांतों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पितरों के निमित्त कर्मकांड पूरा करने के बाद कई श्रद्धालुओं ने गया जी में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना की। श्रद्धालु यहां से बिहार की सकारात्मक और सुंदर छवि की यादें भी अपने साथ ले जा रहे हैं।
आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा
पितृपक्ष मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच जिला प्रशासन की ओर से जारी बुलेटिन में अब तक आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गया जी पहुंचने का दावा किया गया है।
मेले के आगे बढ़ने के साथ पिंडदान स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से प्रमुख पिंडवेदियों और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा तथा भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यवस्था की गई है। सुबह से ही विभिन्न पिंडदान स्थलों पर धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी है।
