लोकतंत्र के चुनावी महापर्व पर चढ़ा गुलाबी रंग
बाराचट्टी का अदलपुर और घड़सारी मतदान केंद्र सज-धजकर तैयार सब कुछ गुलाबी-गुलाबी महिला मतदानकर्मियों के हवाले बूथ
अमित कुमार सिंह, बाराचट्टी (गया)
लोकतंत्र के प्रति लोगों की आस्था, विश्वास, दायित्व, अधिकार-कर्तव्य हर चीज का बोध करा रहे मतदान केंद्रों पर गुरुवार को देश का सबसे बड़ा चुनावी त्योहार मनाया जाएगा।
गया संसदीय सीट के लिए गुरुवार को मतदान होगा। कुछ मतदान केंद्रों को प्रतीक के तौर पर जिस रंग में रंगा गया है, उसे देख मतदाता खूब उत्साहित हैं। बिल्कुल गुलाबी छटा।
नक्सल प्रभावित बाराचट्टी का अदलपुर व घोड़सारी मतदान केंद्र लोगों को खूब भा रहा है। यहां गुलाबी रंग के ही तोरण द्वार बनाए गए हैं। मतदाताओं को जागरूक करने वाली अपील है। सबसे बड़ी बात यह कि ये केंद्र नारी सशक्तीकरण का भी प्रतीक हैं। पूरा केंद्र महिलाओं के हवाले होगा। यहां सुरक्षाकर्मी से लेकर मतदानकर्मी तक। वे गुलाबी परिधान में ही आएंगी। अगर वर्दी में हैं तो बांह पर गुलाबी पट्टी बांधेंगी। इसे पिंक बूथ नाम दिया गया है। इसी तरह संसदीय सीट के हर विधानसभा क्षेत्र में पांच सखी मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। यहां भी महिलाएं ही चुनाव कराएंगी, पर उनके लिए गुलाबी परिधान की बंदिश नहीं है। इसके साथ आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर गुलाब देकर मतदाताओं का स्वागत किया जाएगा।
भगहर गांव में फूलों और होर्डिग्स से खूबसूरत सजावट की गई है। यह है भी, लोकतंत्र के चुनावी महापर्व का आयोजन। सजावट के लिए कोलकाता से फूल मंगाए हैं। आदर्श व सखी मतदान केंद्र पर आनेवाले पुरुष व महिला मतदाताओं के लिए अलग अलग गैलरी बनाई गई है। पोर्टिको में मतदाताओं के लिए सोफा, कूलर, पंखा के साथ शुद्ध व शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं महिला मतदाताओं के साथ आने वाले बच्चों के लिए खिलौने और टॉफी की भी व्यवस्था है। यूं कहें कि मेला का नजारा होगा। हरे रंग की कारपेट बिछाई गई है। भगहर निवासी वृद्ध मतदाता रघुनंदन महतो कहते हैं कि गाव में इस तरह का मतदान केंद्र पहली बार देखा है, लेकिन इस बार तो मेला लग रहा है। खिरू महतो, कुलेश्वर महतो, रामजी महतो, रामजी साव, पैरू महतो आदि कहते हैं पहले तो बच्चों को बूथ पर लेकर आने की मनाही होती थी। इस बार तो उनके खेलने की व्यवस्था की गई है। इस बार पहले की अपेक्षा ज्यादा लोग वोट देने पहुंचेंगे।
---------------------
पिंक व सखी मतदान केंद्रों पर महिला मतदानकर्मी ही हैं। इसका उद्देश्य विशेषकर महिला मतदाताओं को जागरूक करना है। पुरुष मतदाताओं में भी जागरूकता है। इसके जरिए यह बताने की कोशिश की गई है कि महिलाएं अब हर क्षेत्र में आ गई हैं। वे चुनाव भी करा रही हैं।
पंकज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बाराचट्टी