गया शहर के लोको कॉलोनी में लगातार फायरिंग से दहशत में लोग, जिंदा कारतूस बरामद, छापेमारी शुरू
गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार की रात्री में अज्ञात बदमाशों ने आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया। यहां पर दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित अनुष्ठान के बाद प्रसाद का वितरण किया जा रहा था।
जागरण संवाददाता, गया: गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी में दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार की रात्री में अज्ञात बदमाशों ने आधा दर्जन राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दिया। यहां पर दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित अनुष्ठान के बाद प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। गोलीबारी की घटना की सूचना यहां पर रहे लोगों ने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। जो मौके पर पहुंच कर यहां से एक जिंदा कारतूस बरामद की है । फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है।सूचना मिलते ही डेल्हा थानाध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में पुलिस पहुंची और घटना के बारे में यहां रहे लोगों से जानकारी प्राप्त कर बदमाशों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूजा अर्चना के बाद हर वर्ष की भांति पाँचमुहानी स्थित दुर्गा मंदिर के पास प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच 4-5 अज्ञात बदमाशों ने पहले एक दो गोली चलाई। यहां रहे सेवानिवृत्त एक रेलकर्मी के छोटे भाई द्वारा ऐसा करने से टोका गया तो उसी को लक्षित कर दूसरी बार गोली चलाई, लेकिन मिसफायर कर गया। इसके बाद एक बदमाश को पकड़ लिया। तीन लोग भागने में सफल रहे। शोर मचाने के बाद काफी संख्या में और लोग भी जुट गए। बताया गया कि पकड़े जाने की घटना की जानकारी मिलते ही गिरोह के कई और लोग आए और पकड़े गए साथी को छुड़ाने व दहशत फैलाने के ख्याल से कई राउंड फायरिंग कर साथी को छुड़ा ले गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद कर ले गई है। बताया जाता है कि घटना में शामिल कुछ लोगों के चप्पलें घटनास्थल के आसपास छूट गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में इस बात का डर है कि जिस सेवानिवृत्त रेलकर्मी के लड़के व अन्य के साथ अपराधी प्रवृति के लोगों के बीच हाथापाई हुई है, पुनः किसी घटना को अंजाम भी दे सकते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलीबारी की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने घटना की जांच शुरू कर दी ।