गया से पटना-रांची जाने वाले यात्री ध्यान दें! नए साल से बदल जाएगा जनशताब्दी का ट्रेन नंबर
पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस का परिचालन नंबर 1 जनवरी 2027 से बदल जाएगा। यात्रियों को अब नए नंबर 13265 और 13266 के साथ टिकट बुकिंग और यात्रा की जानकारी लेनी होगी।

पटना-रांची जनशताब्दी का बदल जाएगा नंबर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
जनशताब्दी एक्सप्रेस का परिचालन नंबर 1 जनवरी 2027 से बदलेगा।
पटना-रांची ट्रेन का नया नंबर 13265 और 13266 होगा।
यात्रियों को नए नंबर से टिकट बुकिंग करनी होगी।
जागरण संवाददाता, गयाजी। नए साल 2027 की शुरुआत के साथ ही पटना और रांची के बीच चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस के परिचालन नंबर में बदलाव होने जा रहा है।
रेलवे ने इस ट्रेन के दोनों दिशाओं के नंबर बदलने का निर्णय लिया है। एक जनवरी 2027 से पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस पुराने नंबर के बजाय नये नंबर से परिचालित होगी।
नए नंबर से ट्रेन की पहचान
गया जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी अब ट्रेन की पहचान नए नंबर से करनी होगी। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, पटना से रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का वर्तमान ट्रेन नंबर 12365 बदलकर 13265 हो जाएगा।
वहीं, रांची से पटना आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस का वर्तमान नंबर 12366 की जगह 13266 निर्धारित किया गया है। यह बदलाव एक जनवरी 2027 से प्रभावी होगा।
रेलवे के इस बदलाव से ट्रेन के समय और निर्धारित ठहराव में फिलहाल किसी परिवर्तन की सूचना नहीं है। बदलाव केवल परिचालन नंबर में किया जा रहा है। इसे ध्यान में रखना जरूरी है।
टिकट बुकिंग में रखें ध्यान
ऐसे में यात्रियों को जनवरी से यात्रा की योजना बनाते समय टिकट बुकिंग, आरक्षण और ट्रेन की स्थिति की जानकारी नए नंबर के आधार पर लेनी होगी।
गया जंक्शन से पटना और रांची की ओर नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले ट्रेन के नये नंबर की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पर ट्रेन की पहचान और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।