मां लक्ष्मी को प्रिय है कमल का फूल: ओडिशा से मंगाए गए 5 लाख कमल, चेक करें दीवाली पूजन का सटीक समय
गया में दीपावली की तैयारियों के बीच फूलों के बाजार में रौनक बढ़ गई है, जहां मां लक्ष्मी की पूजा ...और पढ़ें

बाजार में बिक रहा कमल का फूल। (जागरण)
जागरण संवाददाता, गयाजी। दीपावली शुद्धता, स्वच्छता और समृद्धि का पर्व माना जाता है। इसको लेकर शहर में कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं।
घरों की साफ-सफाई से लेकर सजावट और पूजा-पाठ की सामग्री की खरीदारी में लोग जुटे हैं। दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व होने के कारण फूलों के बाजार में भी रौनक बढ़ गई है।
शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है तो फूल-माला की दुकानों पर भी खरीदारों की कतार लग रही है। विशेष रूप से कमल और गेंदे के फूल की मांग अधिक है।
इस बार ओडिशा के कमल से मां लक्ष्मी का दरबार सजेगा। शहर के लहेरिया टोला स्थित फूल बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है।
मां लक्ष्मी के पूजन के लिए लोग कमल का फूल खरीद रहे हैं। वहीं, घरों और पूजा स्थलों को सजाने के लिए गेंदे के फूलों की खरीदारी कर रहे हैं।
इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां पूजा-अर्चना के लिए भी फूल-मालाओं की मांग बढ़ गई है।
ओडिशा से कमल तो कोलकाता से आया गेंदा
फूल बाजार में इस बार कमल का फूल ओडिशा से मंगाया गया है। वहीं, गेंदे का फूल कोलकाता से पहुंचा है। खास बात यह है कि बोधगया में भी कमल की खेती शुरू हुई है।
हालांकि, फिलहाल यहां सीमित मात्रा में ही फूल उपलब्ध हो पा रहे हैं। फूल विक्रेता विकास कुमार मधुकर ने बताया कि बाजार में ओडिशा से आए कमल के फूल की बिक्री हो रही है।
एक कमल का फूल 50 रुपये में बिक रहा है। दीपावली पर करीब पांच लाख कमल के फूलों की बिक्री होने की उम्मीद है। वहीं, गेंदे के फूल की एक लड़ी 25 से 35 रुपये में बिक रही है।
कमल के फूल से प्रसन्न होती हैं मां लक्ष्मी
धार्मिक मान्यता के अनुसार कमल का फूल मां लक्ष्मी को अत्यंत प्रिय है। कमल के फूल से पूजा करने पर मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं।
यही वजह है कि दीपावली पर कमल के फूल की मांग सबसे अधिक रहती है। फूलों को दो-तीन दिन पहले ही मंगाकर शीतगृह में सुरक्षित रखा जाता है, ताकि दीपावली के दिन उनकी ताजगी बनी रहे। गेंदे के बसंती फूलों से घरों और पूजा स्थलों को सजाने की भी परंपरा है।
पूरे दिन कर सकेंगे मां लक्ष्मी की पूजा
आचार्य पुरुषोत्तम पांडे ने बताया कि दीपावली का पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 7:10 बजे से पूरे दिन और रात मां लक्ष्मी की पूजा की जा सकती है। वहीं, सिंह लग्न में पूजा का विशेष मुहूर्त रात 12:24 बजे से 2:38 बजे तक है। मान्यता है कि सिंह लग्न में मां लक्ष्मी की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।