अब 10 मिनट के अंदर ही सहायता के लिए पहुंच जाएगी पुलिस, जानिए कैसे होगा सम्भव, अन्य क्या मिलेगी सहायता
112 नंबर डायल करने के बाद 10 मिनट के अंदर ही सहायता के लिए पुलिस पहुंच जाएगी। लोगों की सहायता के लिए पुलिस 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेगी। इसके लिए राज्य मुख्यालय से कैमूर जिले को पांच वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।
जासं, भभुआ: जिले के लोगों को अब पुलिस की सहायता के लिए इंतजार नहीं करना होगा। 112 नंबर डायल करने के बाद 10 मिनट के अंदर ही सहायता के लिए पुलिस पहुंच जाएगी। लोगों की सहायता के लिए पुलिस 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहेगी। इसके लिए राज्य मुख्यालय से कैमूर जिले को पांच वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को कैमूर जिले में तीन वाहन पहुंच गए हैं। जबकि दो वाहन अगले दो दिनों में आ जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। इसमें प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी रहेगी। 112 नंबर के पांच वाहन कैमूर जिले को मिलना है। जिसमें से तीन मिल चुके हैं। तीन वाहन भभुआ व दो मोहनियां अनुमंडल में वाहन रहेंगे। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस, चिकित्सीय सहायता, फायर ब्रिगेड के लिए इस पर काल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि 112 नंबर के वाहन से सिर्फ लोगों की सहायता की जाएगी। इसके अलावा किसी अन्य कार्य में इनका उपयोग नहीं किया जाएगा। बता दें कि डायल 112 के लिए बने विशेष किस्म के वाहनों में मोबाइल डाटा टर्मिनल लगा रहेगा, जो जीपीएस से काम करेगा।
इसमें एक डिसप्ले सिस्टम होगा, जिसमें किसी घटना के बारे में जानकारी आने पर उस स्थल तक का पूरा रूट मैप अंकित होगा। इसके आधार पर वहां तक पहुंचने का पूरा रूट मैप ट्रैक भी होगा। इसकी तत्काल रिपोर्ट भी वापस कंट्रोल सेंटर के पास मिलेगी। इसमें शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने की भी व्यवस्था रहेगी।