नमो की गया रैली पर नक्सलियों का प्रतिबंध, बंद का एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो की 'परिवर्तन रैली' रविवार को है। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच नक्सलियों ने उनकी रैली का विरोध करते हुए इस दिन मगध प्रमंडल बंद की घोषणा कर दी है।
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो की 'परिवर्तन रैली' रविवार को है। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस बीच नक्सलियों ने उनकी रैली का विरोध करते हुए इस दिन बंद की घोषणा कर दी है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन 'भाकपा माओवादी' ने मोदी की रैली के दिन रविवार को मगध प्रमंडल बंद रखने का आह्वान किया है। मगध क्षेत्र में गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा के इलाके आते हैं।
नक्सली संगठन 'भाकपा माओवादी' के बिहार-झारखंड रिजनल कमेटी के प्रवक्ता मानस के अनुसार केंद्र सरकार के इशारे पर 'ऑपरेशन ग्रीन हंट' के नाम पर निर्दोष गरीब जनता को प्रताडि़त किया जाता रहा है। इसपर अविलंब रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने भूमि अधिग्रहण बिल पर भी मोदी सरकार के रवैया की आलोचना की।
माओवादी प्रवक्ता के अनुसार, इन कारणों से नरेंद्र मोदी की परिवर्तन रैली का संगठन विरोध कर रहा है।