नवादा में पुलिस से बचने के लिए तीन मंजिले मकान से कूद गया मुखिया, हिरासत में चल रहा इलाज
नवादा के रजौली में वन विभाग की टीम पर हमले के आरोपित मुखिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से बचने के लिए मुख्ािया तीन मंजिले भवन से कूद गया। इस क्रम में वह जख्मी हो गया।
जेएनएन, नवादा। जिले के वन क्षेत्र में कटाई और अवैध खनन पर लगाम के लिए पुलिस-प्रशासन के तमाम कवायद के बावजूद माफिया सक्रिय हैं। वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई में पकड़े जाने के बावजूद उनका हौसला कम होता नहीं दिखता। इस बीच पुलिस ने अवैध खनन और अवैध कटाई मामले में दो को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक वनकर्मियों पर हमले का आरोपित मुखिया भी शामिल हैं।
अवैध खनन रोकने गई वन कर्मियों की टीम पर हमले का है आरोपित
रजौली में अवैध खनन रोकने गई वन विभाग की टीम पर तीन दिसंबर को हमला करने के आरोपित रजौली थाना क्षेत्र के सपही चौक निवासी प्रदीप साव को डोमचांच पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताते चलें कि अवैध खनन रोकने वाली टीम पर मु़खिया एवं उसके सहयोगियों ने हमला कर दिया था। इस घटना में कोडरमा के वनरक्षी घायल हो गए थे। घायल वनरक्षी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तब से आरोपित मु़खिया एवं उसके सहयोगी फरार चल रहे थे। मंगलवार की रात कोडरमा पुलिस ने मुखिया प्रदीप साव को घर से भागने के क्रम में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार प्रदीप साव सवैयाटांड पंचायत का मुखिया है। मंगलवार की रात वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए वह तीन मंजिले छत से कूद गया। ऐसे में वह घायल भी हो गया। फिलहाल उसे पुलिस ने कोडरमा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
बैलगाड़ी पर लकड़ी ले जा रहा व्यक्ति गिरफ्तार
इस बीच बुधवार की शाम वन विभाग की टीम ने वन रक्षी के माध्यम से जंगल से लकड़ी काटकर ले जा रहे एक व्यक्ित को पकड़ा। बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे वन विभाग की टीम को सूचना मिली। इसके बाद वनपाल राजकुमार पासवान ने बक्सिला गांव निवासी कारू यादव को भटबिघा रोड से पकड़ा। वह बैलगाड़ी पर जंगल की लकड़ी लादकर लौट रहा था। स्थानीय लोगों ने ही वन अधिकारी को सूचना दी थी। इसके बाद महिला-पुरुष वनरक्षी के सहयोग से छापेमारी की गई। वनपाल राजकुमार पासवान ने बताया कि जंगल में अवैध तरीके से वनों की कटाई की जा रही है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। वनों के क्षेत्र पदाधिकारी के कड़े निर्देश पर वन विभाग सिरदला के अधिकारी व कर्मी लगातार छापेमारी अभियान चला रहे हैं।