रेलवे ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर, थम गई गया-पटना रूट की रफ्तार; 50 मिनट तक लेट हुईं कई ट्रेनें
नदवा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर मिट्टी लदा ट्रैक्टर फंसने से गया-पटना रेलखंड पर परिचालन बाधित हुआ। इस घटना ...और पढ़ें

रेलवे ट्रैक पर फंसा ट्रैक्टर (जागरण फोटो)
HighLights
नदवा स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर ट्रैक्टर फंसा।
गया-पटना रेलखंड पर ट्रेन परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
कई मेमू ट्रेनें 50 मिनट तक देरी से चलीं, यात्री परेशान।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया-पटना रेलखंड पर नदवा स्टेशन के पास मिट्टी लदा ट्रैक्टर फंसने से गुरुवार को रेल परिचालन प्रभावित हुआ। रेलवे लाइन के समीप ट्रैक्टर फंसने से संभावित हादसे की आशंका उत्पन्न हो गई। हालांकि, रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना का असर सुबह की ट्रेनों के परिचालन पर भी दिखा। गया जंक्शन से पटना जाने वाली कई मेमू ट्रेनें निर्धारित समय से विलंब से चलीं। कुछ ट्रेनों की देरी आगे के स्टेशनों पर बढ़कर करीब 50 मिनट तक पहुंच गई। इससे नौकरी, पढ़ाई और जरूरी काम से पटना जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नदवा स्टेशन के पास मिट्टी लदा ट्रैक्टर फंस गया था। इसकी सूचना मिलने पर रेलवे कर्मियों ने सतर्कता बरतते हुए आवश्यक कदम उठाए। समय रहते कार्रवाई होने से संभावित दुर्घटना टल गई। हालांकि, इस दौरान रेल परिचालन प्रभावित हुआ और ट्रेनों को विलंब से चलाना पड़ा।
सुबह की मेमू ट्रेनों पर पड़ा असर:
रेलवे ट्रेन रनिंग डायरेक्टरी में गया-पटना रूट की ट्रेनों की देरी दर्ज की गई। ट्रेन संख्या 63242 गया-पटना मेमू सुबह 4:45 बजे के निर्धारित समय के बजाय 4:55 बजे रवाना हुई।
ट्रेन संख्या 63244 सुबह 5:45 बजे के बजाय 6 बजे चली। वहीं, ट्रेन संख्या 63394 के परिचालन में भी देरी दर्ज की गई। आगे के स्टेशनों पर ट्रेन संख्या 63244 और 63394 की देरी करीब 50 मिनट तक पहुंच गई।
समय पर गंतव्य स्थान पर पहुंचने में हुई परेशानी:
सुबह के समय पटना जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों की देरी के कारण इंतजार करना पड़ा। मेमू ट्रेनों से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों की दिनचर्या प्रभावित हुई।
यात्रियों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता सताती रही। नदवा के पास हुई घटना ने रेलखंड के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता की जरूरत को भी उजागर किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।