किसान का अपहरण कर हत्या
कोंच-टिकारी पथ के सिनाने पुल से दक्षिण बधार में 50 वर्षीय किसान का अपहरण कर हत्या कर दी गई।
गया। कोंच-टिकारी पथ के सिनाने पुल से दक्षिण बधार में 50 वर्षीय किसान का अपहरण कर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह शव मिलने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा थी।
कोई आत्महत्या तो कोई हत्या की बात कर रहा था। पहचान होने के बाद मृतक के पुत्र ने अपहरण के बाद हत्या का मामला दर्ज कराया। मृतक की पहचान तेतरिया गांव निवासी अरविंद शर्मा के रूप में हुई, जो टिकारी स्थित अपने आवास से रविवार की सुबह निकले थे। जो रविवार की देर शाम तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कुछ पता नहीं चलने पर देर रात घर लौट आए। सोमवार की सुबह रबी फसल काटने गए मजदूरों ने शव देखा। ग्रामीणों की भीड़ लगी तो शव की पहचान अरविंद शर्मा के रूप में हुई। लोगों ने इसकी जानकारी कोंच थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर आने में करीब करीब तीन घंटे लगा दिया। जिस जगह पर शव पड़ा था, उस घटनास्थल को लेकर कोंच तथा टिकारी थाना की पुलिस अपने अपने सीमा क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति में थी। इसी वजह से घटनास्थल पर पहुंचने में देर हुई। पुलिस के देर से आने के कारण ग्रामीणों में आक्रोश था, जिसका कोपभाजन कोंच थाना की पुलिस बनना पड़ा। मृतक के पुत्र अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा कृष्णनंदन सिंह द्वारा उसकी जमीन मरदुआ गांव निवासी अजय यादव व उसके अन्य चार भाईयों के नाम से बेच दी गई थी। उसी को लेकर विवाद चल रहा था। अभिषेक का आरोप है कि उनके पिता का अपहरण कर लिए जाने के बाद हत्या कर दी गई है। हालांकि जिस स्थिति में अरविंद शर्मा की शव पड़ा था, उससे लोग आत्महत्या की आशंका जाहिर कर रहे थे। मृतक के हाथ में रस्सी व सिर में चोट के निशान व परिजनों के बयान के बाद मामला हत्या का दर्ज कर लिया गया। मृतक के पुत्र अभिषेक कुमार ने चाचा कृष्णनंदन सिंह, चचेरे भाई आनंद प्रकाश, मरदुआ गांव के रहने वाला अजय यादव, इसके भाई सच्चिदानंद यादव व इसके अन्य दो सगे भाई समेत आठ दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण के बाद हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया।