विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैक्सिको से बिहार पहुंचे विदेशी मेहमान, बोले-किताबों में पढ़ी थी दीपावली; बोधगया में जलाए दीये और फोड़े पटाखे

By santosh kumarEdited By: Radha Krishna
Published: Sun, 08 Nov 2026 04:36 PM (IST)

मैक्सिको से आए 10 सदस्यीय शिष्टमंडल ने बिहार के बोधगया में बच्चों के साथ भारतीय परंपरा अनुसार दीपावली मनाई। उन्होंने ...और पढ़ें

दीये जलाए, पटाखे फोड़े और मिठाइयों के साथ मनाया जश्न

दीये जलाए, पटाखे फोड़े और मिठाइयों के साथ मनाया जश्न

HighLights

  1. मैक्सिको के 10 सदस्यीय दल ने बोधगया में दीपावली मनाई।

  2. विदेशी मेहमानों ने दीये जलाए, पटाखे फोड़े और पूजा में भाग लिया।

  3. उन्होंने भारतीय संस्कृति और बच्चों के साथ त्योहार का अनुभव किया।

संतोष कुमार, बोधगया(गयाजी)। बिहार के बोधगया में दीपावली का जश्न इस बार कुछ खास रहा। मैक्सिको से आए 10 सदस्यीय शिष्टमंडल ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं से प्रभावित होकर बच्चों के साथ दीपावली मनाई। विदेशी मेहमानों ने दीये जलाए, पटाखे फोड़े, मिठाइयां खाईं और मां लक्ष्मी की पूजा में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किताबों में पढ़ी दीपावली को भारत की धरती पर मनाना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।

किताबों में पढ़ी थी दीपावली, बोधगया में खुद बन गए जश्न का हिस्सा

भारतीय संस्कृति का आकर्षण सात समंदर पार से लोगों को बिहार की धरती तक खींच ला रहा है। इसकी खूबसूरत झलक बोधगया में देखने को मिली, जहां मैक्सिको से आए 10 सदस्यीय शिष्टमंडल ने भारतीय परंपरा के अनुसार दीपावली मनाई। विदेशी मेहमानों ने सिर्फ त्योहार को देखा ही नहीं, बल्कि बच्चों के साथ मिलकर इसकी खुशियों को भी महसूस किया।

शनिवार को आयोजित इस खास जश्न में दीयों की रोशनी, आतिशबाजी और मिठाइयों की मिठास ने भारत और मैक्सिको के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव की नई तस्वीर पेश की।

पहले महाबोधि मंदिर में टेका माथा, फिर बच्चों के बीच पहुंचे विदेशी मेहमान

मैक्सिको से आए प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर पहुंचकर भगवान बुद्ध के दर्शन किए। यहां उन्होंने शांति और करुणा का संदेश जाना। इसके बाद सभी सदस्य बकरौर स्थित ज्ञान ज्योति रूरल डेवलपमेंट वेलफेयर ट्रस्ट पहुंचे।

संस्था के शिक्षकों ने अतिथियों का माला पहनाकर और तिलक लगाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। बच्चों ने भी विदेशी मेहमानों का गर्मजोशी से अभिवादन किया। इसके बाद सभी भारतीय संस्कृति के रंग में रंग गए।

दीये जलाए, पटाखे फोड़े और मिठाइयों के साथ मनाया जश्न

दीपावली के आयोजन में मैक्सिको के मेहमानों ने बच्चों और शिक्षकों के साथ मिलकर दीये जलाए और आतिशबाजी की। एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशियां बांटीं और मिठाइयों का आनंद लिया। इस दौरान मां लक्ष्मी की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई।

विदेशी मेहमानों के लिए यह अनुभव इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्हें भारतीय त्योहार की परंपराओं को करीब से समझने और उनमें शामिल होने का अवसर मिला। बच्चों के साथ उनकी मस्ती और उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

मैक्सिको के मेहमान बोले- भारत में दीपावली मनाना कभी नहीं भूलेंगे

शिष्टमंडल के सदस्य मौरिसिको ओरनेक्स, जुलिसा मोंटोया, अलेजेंडर माउस और कार्ला ओवनलस ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अब तक दीपावली के बारे में केवल सुना था और किताबों में पढ़ा था, लेकिन भारत आकर इस पर्व को मनाने का मौका मिलना बेहद खास रहा।

उन्होंने कहा कि दीये जलाना, पटाखे फोड़ना, मिठाइयां खाना और बच्चों के साथ खुशियां बांटना बेहद आनंददायक रहा। विदेशी मेहमानों ने दीपावली को सुंदर और खुशियों से भरा त्योहार बताते हुए भारतीय संस्कृति और यहां के लोगों के अपनापन की सराहना की।

बोधगया बना भारत-मैक्सिको की सांस्कृतिक दोस्ती का गवाह

इस आयोजन ने एक बार फिर दिखाया कि त्योहारों की खुशियां भाषा और देश की सीमाओं से परे होती हैं। बोधगया की धरती पर मैक्सिको के मेहमानों की दीपावली में भागीदारी भारत और मैक्सिको के सांस्कृतिक एवं मैत्री संबंधों की खूबसूरत मिसाल बन गई।

इस मौके पर संस्था के चेयरमैन रंजन कुमार, गाइड विक्की कुमार और शिक्षक नीतू कुमारी, जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। विदेशी मेहमानों के लिए बोधगया की यह दीपावली यात्रा यादों में लंबे समय तक रोशनी बिखेरती रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।